छत्तीसगढ़ में निषाद पार्टी 25 सीटों पर लड़ेगी चुनाव.

मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार निषाद सकरी में मछुवा,केवट समाज को करेंगे संबोधित.

बिलासपुर. उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम कर रहे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय कुमार निषाद मंगलवार को शहर के सकरी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और थाना के बीच मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनसभा को संबोधित करेंगे। सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, प्रदेश प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के मत्स्य विभाग मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद प्रयागराज उत्तर प्रदेश से वायुयान द्वारा 12:20 पर रवाना होंगे और 1:40 में बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट चकरभाठा में उनका आगमन होगा। कार द्वारा नेहरू चौक होते हुए वे 3:00 बजे सकरी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां अधिकार सम्मान रैली में शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे। संबोधन के बाद वह छत्तीसगढ़ भवन में रुकेंगे उसके बाद लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण और पार्टी की विचारधारा को लेकर जानकारी देंगे। साथ ही चुनावी रणनीति यहां तय की जाएगी। संजय सिह राजपूत ने बताया कि निषाद पार्टी छत्तीसगढ़ में फिर से चुनाव लड़ने जा रही है जिसमें इस बार 25 सीटों पर चुनाव लड़ने की अनुमति राष्ट्रीय अध्यक्ष से ली जाएगी। उन्होंने बताया 2018 में भी 2 सीटों पर बेमेतरा और जांजगीर-चांपा में चुनाव लड़ा गया था इस बार पहले से ज्यादा अच्छे तरीके से चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है।निषाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार निषाद ने बताया 11 विधायकों के साथ निषाद पार्टी उत्तर प्रदेश सरकार में शामिल है जिसमें उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष को मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी मिली हुई है। छत्तीसगढ़ में भी मछुआ और कैवर्त समाज के लोगों की बड़ी संख्या है। इसे निर्बल समाज और सोया हुआ समाज माना जाता है जिन्हें पॉलिटिकल पार्टनर के रूप में तैयार किया जाएगा। उनसे आगे बढ़ने के लिए आह्वान भी किया जाएगा। राजकुमार निषाद ने बताया की उनकी पार्टी केंद्र में एनडीए सरकार के साथ गठबंधन में है। छत्तीसगढ़ में भी राम और निषादराज को कायम रखने वाली पार्टी के साथ उनका गठबंधन हो सकता है। बिलासपुर में बेलतरा,तखतपुर से निषाद पार्टी के दावेदार चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 फीसदी आबादी मछुआ समाज की है,और यहां 35 से 40 फ़ीसदी वोट पाने वाला प्रत्याशी विधायक बन जाता है। इसीलिए उन लोगों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। श्री निषाद ने बताया कि मछुआ समाज एसटी वर्ग में शामिल होना चाहता है और जो भी राजनीतिक दल उनको ओबीसी से एस टी में ले जाने का भरोसा दिलाएगा पार्टी उसके साथ काम करेगी। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष बिलासपुर राजकुमार निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा सूरज निषाद, जिला अध्यक्ष कवर्धा भानु प्रताप निषाद और कोटा विधानसभा अध्यक्ष त्रिभुवन कैवर्त्य के अलावा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You May Also Like