महिला की गला रेत कर हत्या, गांव के युवक के साथ था प्रेम संबध, गिरफ्तार

भिलाई । उतई थाना क्षेत्र के ग्राम करगाडीह मौहारी भाठा में हुई एक महिला की हत्या उसके प्रेमी ने कर दी। वारदात की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही सुलझाते हुए मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका उससे बार पैसे मांगती थी और ब्लैकमेल करती थी। इससे तंग आकर उसने ब्लेड से अपनी प्रेमिका का गला काटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मंगलवार की सुबह उतई पुलिस को जानकारी हुई कि ग्राम करगाडीह मौहारी भाठा की खेत में एक महिला की लाश मिली थी। किसी ने गला काटकर उसकी हत्या कर दी थी। पतासाजी के दौरान मृतका की पहचान आदर्श नगर बाबा पारा उतई निवासी जमुना बाई गोस्वामी (32) के रूप में हुई। उसकी हत्या के आरोप में पुरई निवासी उसके प्रेमी यशवंत साहू (34) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित ने सोमवार की रात को जमुना को करगाडीह मौहारी भाठा के पास खेत में मिलने के लिए बुलाया था और वहां उसकी हत्या कर दी थी। आरोपित यशवंत साहू ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी भी उसके साथ मकान बनाने के काम में मजदूरी करती थी। उसे जमुना और उसके बीच के अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। इसके कारण करीब पांच महीने पहले आरोपित की पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके भोथीपार चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद यशवंत परेशान रहने लगा था। मृतका जमुना बाई गोस्वामी भी शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे भी हैं लेकिन, वो 10 साल से अपने पति रुद्र गोस्वामी और तीनों बच्चों को छोड़कर अपने मायके में रहने लगी थी। आरोपित यशवंत साहू ने पुलिस को बताया कि जमुना से वो काफी ज्यादा परेशान हो चुका था। वो बार बार उससे रुपये मांगती थी। इसके चलते उसने चार दिन पहले ही उसकी हत्या करने की योजना बना ली थी। सोमवार की रात को पौने आठ बजे जमुना ने उसे फोन किया और मिलने के लिए बुलाया। यहां यशवंत ने वारदात को अंजाम दिया।

You May Also Like