कलेक्टर झा की जन चौपाल में फरियादियों की गुहार, कहा साहब समस्या से निजात दिला दीजिए.

बिलासपुर. कलेक्टर संजीव कुमार झा ने मंथन सभाकक्ष में अपना पहला जन चौपाल लगाया। कलेक्टर से मिलने आए जिले के फरियादियों ने मुआवजा, पानी निकासी, जर्जर स्कूल भवन, अवैध शराब बनाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी और राशन कार्ड, आवास, पेंशन सहित अन्य विभिन्न मांगों का निराकरण करने गुहार लगाई।

मंगलवार को कलेक्टर झा के जन चौपाल में अलग अलग समस्याओं को लेकर जिले से करीब डेढ़ सौ आवेदन आए। जिनकी बारी बारी कर कलेक्टर से समस्याएं सुनी और संबंधित विभाग के अफसरों को निराकरण करने का निर्देश दिया।

जिले के दूरदराज क्षेत्र से आए नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। आज जन चौपाल में विभिन्न समस्याओं से संबंधित लगभग डेढ़ सौ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर से फरियादियों ने कहा.

अधिग्रहित जमीन का मुआवजा नहीं मिला.
जनचौपाल में कोटा विकासखंड के ग्राम मेलनाडीह निवासी प्रताप सिंह नेताम ने बताया कि एनएच 130 निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण किया गया था। जिसमें उसकी भी जमीन शामिल है। चार वर्ष के बाद भी अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कलेक्टर से मुआवजे की राशि दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को उनके समस्या के समाधान के लिए निर्देश दिए।

बाढ़ जैसी स्थिति और स्कूल बिल्डिंग जर्जर.

लाल खदान क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि माता चौरा कॉलोनी के पास बरसात के कारण बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। जिससे क्षेत्र के नागरिकों को आवश्यक कार्य से आने-जाने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पानी निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की।

तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत ढनढन के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है। जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात होने पर स्कूल में पानी भर जाता है। जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उक्त समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामीणों ने नया स्कूल भवन की मांग की। कलेक्टर ने इन निराकरण के लिए सीईओ जनपद एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया।

महिलाओं ने कहा अवैध शराब बनाने वालो ने किया हमला लेकिन कार्रवाई नहीं.

ग्राम भोथीडीह के अखिल भारतीय महिला फेडरेशन की अध्यक्ष श्रीमती बिंदिया कैवर्त ने बताया कि महिला संगठन द्वारा नशा मुक्ति एवं अवैध शराब निर्माण रोकने के लिए आंदोलन चलाया जा रहा है। महिलाओं द्वारा गांव के लोगों को नशा मुक्ति के लिए जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं पर कुछ व्यक्तियों द्वारा हमला किया गया। जिससे महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो हुई थी। इस घटना की थाने में शिकायत करने पर अपराधियों पर उचित कार्यवाही नहीं हुई है। महिला संगठन के सदस्यों ने उक्त अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की। कलेक्टर ने एसपी को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा है।

You May Also Like