बेटी की मौत से आक्रोशित पिता ने पेट्रोल पंप में की आगजनी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की बेटी पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में गिर गई थी और उसकी बहकर मौत हो गई थी, जिससे वह आक्रोशित था। इसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया।



पेट्रोल पंप परिसर में की आगजनी

बता दें कि SP भावना पांडेय के निर्देश में जिले में असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।


पेट्रोल पंप के दो बाइकों में लगाई आग

पूरा मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप का है। आरोपी की पहचान जीवन निषाद (47) निवासी वार्ड क्रमांक 01, मेघा के रूप में हुई है। 1 अक्टूबर की रात करीब 01:30 बजे आरोपी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। इसमें सफल नहीं होने पर उसने परिसर में खड़ी दो बाइकों को माचिस मारकर मौके से फरार हो गया।


मगरलोड पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 194/2026, धारा 296, 326(एफ) एवं 324(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया।


पूछताछ में सामने आया आगजनी का कारण

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले के कारण उसकी बेटी नाले में गिर गई थी और महानदी में आई बाढ़ के पानी में बहकर उसकी मौत हो गई थी। आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की घटना को अंजाम दिया।


न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल होने वाला माचिस और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।


धमतरी पुलिस की अपील

किसी भी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून अपने हाथ में न लें। किसी के विरुद्ध शिकायत होने पर पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


You May Also Like

error: Content is protected !!