जब जब कांग्रेस की सरकार रही,बिलासपुर का खूब विकास हुआ, जयसिंह..

भरोसे पर खरा उतरने हर संभव कोशिश करूंगा.
जिले के प्रभारी मंत्री का गर्मजोशी के साथ प्रथम आगमन पर स्वागत.
कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित.

बिलासपुर। जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने जिस भरोसे के साथ बिलासपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी है ,उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। साथ ही जिले के कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने की हर संभव प्रयास करूंगा।

प्रभारी मंत्री के रूप में पहली बार मंत्री जयसिंह अग्रवाल का प्रथम नगर आगमन पर गर्मजोशी के साथ शहर के चौक चौराहों पर स्वागत सत्कार का दौर चला। इसके बाद मंत्री श्री अग्रवाल सीधे कांग्रेस भवन पहुंचे। यहां पर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री श्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुझे इस जिले की जिम्मेदारी सौंपी है जिस पर खरा उतरने के लिए हर संभव कोशिश करूंगा। वहीं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के उम्मीदों पर भी खरा उतरूंगा। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय बिलासपुर जिले का दबदबा पहले ही रहा है ।19 विधानसभाओं में करीबन 13 विधानसभा की सीटें कांग्रेस की झोली में आती रही है लेकिन बाद में इसमें कुछ कमी आई है। मै विश्वास दिलाता हूं कि हम सब कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस कमियों को दूर कर ली जाएगी।

आने वाले समय में बिलासपुर जिले की सभी विधानसभा सीटें कांग्रेस की झोली में आएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में बिलासपुर जिले का सर्वाधिक विकास होता आया है। अभी भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है जिसके चलते जिले का विकास तेजी से होगा।लेकिन पिछली भाजपा सरकार में जिले का विकास कार्य अवरुद्ध गए थे लेकिन कांग्रेस सरकार के आते ही यहां पर फिर से विकास से प्रारंभ हो चुके हैं। शहर में स्मार्ट सिटी , अरपा एनीकट जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। आगामी ढाई सालों में विकास के कार्य तेजी के साथ किए जाएंगे। भाजपा की 15 साल की सरकार अपने वायदों को पूरा करने में असफल रही। वही कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के 70 फ़ीसदी वादे पूरे कर चुकी है। अभी ढाई साल बचे हुए हैं। कांग्रेस ने कर्जमाफी, बिजली बिल हाफ धान का 2500 रुपए समर्थन मूल्य जैसे महत्वपूर्ण वायदों को पूरा किया है।

You May Also Like