सस्ते सोने के झांसे में फंसा कारोबारी, 10 लाख लेकर दिया नकली हार; मां-बेटे के खिलाफ केस दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में कम कीमत पर सोना खरीदने के लालच में एक कारोबारी ठगी का शिकार हो गया। आरोपियों ने खुदाई में मिला 2 किलो सोने का हार बताकर कारोबारी को झांसे में लिया और 10 लाख रुपये लेकर नकली हार थमा दिया। मामले में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिलाई के गुरुनानक नगर निवासी धवल बडोदरिया सैनेटरी व्यवसाय करते हैं। उनकी मुलाकात दोस्त नमन अग्रवाल के माध्यम से राजेश प्रजापति से हुई थी। राजेश ने दावा किया कि उसे खुदाई के दौरान पीतल के लोटे में करीब दो किलो वजनी सोने का हार मिला है। उसने हार का एक छोटा टुकड़ा तोड़कर धवल और उनके मित्र को दिया, जिसकी जांच कराने पर वह असली सोना निकला। इससे प्रभावित होकर धवल और उनके मित्र ने हार खरीदने की इच्छा जताई। 22 जून को राजेश प्रजापति और उसकी मां से रायपुरा चौक के पास मिले। उस दौरान भी आरोपितों ने हार का एक और टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो सोना निकला। इससे कारोबारी का विश्वास और बढ़ गया।


रायपुर क्षेत्र में तय हुआ था सौदा

अगले दिन 23 जून को दोनों पक्षों की फिर मुलाकात हुई। आरोपिताें ने रायपुरा क्षेत्र में कारोबारी से सौदा तय किया और दोपहर करीब 12 बजे कार में ही 10 लाख रुपये नकद लेकर कथित दो किलो वजनी सोने का हार सौंप दिया। इसके बाद मां-बेटे को डीडी नगर थाना क्षेत्र के पास उतार दिया गया, जहां से वे ई-रिक्शा में बैठकर चले गए।

जांच में नकली निकला हार

हार खरीदने के बाद कारोबारी धवल ने उसका एक टुकड़ा तोड़कर अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में जांच कराई। किसी ने हार को असली बताया तो किसी ने नकली होने की आशंका जताई। संदेह होने पर वह भिलाई स्थित अपने परिचित ज्वेलर के पास पहुंचे, जहां परीक्षण में हार नकली निकला। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है।

आरोपी मां-बेटे के खिलाफ केस दर्ज

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





You May Also Like

error: Content is protected !!