जगदलपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर बीमा राशि का लाभ लेने के मामले में बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। किसानों की शिकायत के बाद बुरगुम थाना पुलिस ने जांच के बाद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम जामगांव के किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से बीमा राशि प्राप्त कर आरोपियों ने किसानों व बीमा कंपनी के साथ धोखाधड़ी की। अब तक की जांच में इस मामले में तीन आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है, जिसमें से कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल और अनिल सेठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, तीसरा आरोपी गिरीश चंद सेठिया अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।