भिलाईनगर। रिटेंशन के मुद्दे पर सोमवार को बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मियों ने बाइक के माध्यम से जनजागरण रैली निकाली. इस रैली का टाउनशिप के सभी मार्केट के व्यापारी नेताओं ने फूल बरसा कर स्वागत किया. रैली का समापन सिविक सेंटर में एकजुटता बनाये रखने के आह्वान के साथ हुआ.
भिलाई इस्पात संयंत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संगठन ,कार्मिक कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेश चंद के नेतृत्व में दोपहर 3.30 बजे से सेक्टर 10 मार्केट दुर्गा मैदान से रैली आरंभ होकर न्यू सिविक सेंटर होते हुए होटल हरि राज के पास समाप्त हुई. रैली के दौरान 62 वर्ष से 80 वर्ष तक के कर्मचारियों ने बाइक रैली के माध्यम से शहर के लोगों को जगाया. भिलाई को हमने बसाया है भिलाई को हम बचाएंगे इस नारे के साथ होटल हरिराज के पास रैली का समापन हुआ. लगातार 2 घंटे तक संस्था के अध्यक्ष सुरेश चंद ने शहरवासियों को जगाने की, मोहम्मद रफी, सुमन कन्नौजे, स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, रामकुमार गुप्ता, सुरेश रतनानी ने विशेष प्रयास कर रैली को सफल बनाया.

संस्था के अध्यक्ष सुरेश चंद्र एवं ज्ञानचंद जैन ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया . सुमन कन्नौजे एवं मोहम्मद रफी ने आभार जताया. आयोजन में ब्रह्मदेव पटेल, अशोक मिश्रा, भवानी शंकर शर्मा, रजनीकांत, राधाकांत सहित अनेक श्रमिक नेता शामिल रहे .
‘आकाशगंगा’ के बकायादारों का आवंटन होगा निरस्त
भिलाईनगर। आकाशगंगा व्यवसायिक परिसर में विघटित विशेष क्षेत्र प्राधिकरण द्वारा किराए पर दुकान आवंटित की गई है. जिन आवंटियों ने निर्धारित अवधि में बकाया किराया की राशि निगम कोष में जमा नहीं किया है, उन आवंटियों का आवंटन निरस्त कर 18 फरवरी को तालाबंदी की कार्यवाही की जावेगी.
रात 10 से सुबह 6 बजे तक नहीं बजेगा लाउडस्पीकर
दुर्ग। ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अभिजीत सिंह ने आदेश जारी करते हुए सम्पूर्ण दुर्ग जिले में रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर 30 जून तक प्रतिबंध लगा दिया है.
विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के अध्ययन में व्यवधान रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है. धार्मिक त्यौहार, विवाह, संस्कार, उत्सव एवं चुनाव प्रचार जैसे विशेष अवसरों पर संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी से अनुमति ली जा सकेगी. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
निर्माण श्रमिक पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन
दुर्ग। जिले में संचालित लोक सेवा केन्द्र, च्वाईस सेंटर एवं श्रम संसाधन केन्द्रों के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की जा रही है. ऐसे पंजीकृत हितग्राही जिनकी पंजीयन या नवीनीकरण तिथि समाप्त हो चुकी है, वे अपने आधार कार्ड, बैंक खाता पासबुक एवं श्रमिक कार्ड की मूल प्रति के साथ स्वयं उपस्थित होकर नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं. सहायक श्रमायुक्त से प्राप्त जानकारी अनुसार मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिक पंजीयन/नवीनीकरण की वैधता 5 वर्षों के लिए निर्धारित है.
शराब पीकर स्कूल आने वाले शिक्षक को किया निलंबित
दुर्ग। विकासखंड दुर्ग अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खाड़ा के सहायक शिक्षक एलबी, देवेश कुमार देशमुख को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. इस आशय का आदेश जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा द्वारा 16 फरवरी को जारी किया गया है.
आदेश में यह उल्लेखित है कि शिक्षक कार्यभार तिथि से ही कार्य के प्रति लापरवाह है. शिक्षक पर आरोप है कि है वे प्रतिदिन शराब का सेवन करके शाला आते है एवं छात्रों से अनुचित व्यवहार करते है. डीईओ ने बताया कि प्रकरण में देवेश कुमार देशमुख, सहायक शिक्षक एलबी के विरुद्ध विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दुर्ग से जांच कराई गई है. विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दुर्ग से प्राप्त प्रतिवेदन अनुसार उनके द्वारा 16 फरवरी को विलम्ब एवं नशे में शाला पहुंचना, विद्यालय में नशे में रहने, गुटखा खाते हुए कहीं भी थूकने, छात्रों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने, अनुपस्थित रहने पर दूसरे दिन उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर किया जाना पाया गया.
बीजेतला और पटेवा में खुलेगा मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
राजनांदगांव। जिले के पटेवा ग्राम में करीब 350 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर ईएमसी – 2.0 और ग्राम बिजेतला में 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के पहले स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (एसएमसी) की स्थापना की जा रही है. इसके लिए उद्योग विभाग द्वारा किसानों से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है. अब तक बीजेभांठा और पटेवा में ढाई सौ एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहित किए जाने के बाद प्रक्रिया तेज हो गई है.
उद्योग विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार 375 करोड़ की लागत से ईएमसी और एसएमसी की स्थापना की जानी है. विगत दिनों विधानसभा अध्यक्ष डां रमन सिंह ने राज्य शासन की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी थी. जिसके बाद उद्योग विभाग द्वारा जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है. पटेवा के आलावा ग्राम बिजेतला में 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के पहले स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (एसएमसी) की स्थापना होगी.
इस इकाई के स्थापना से राजनांदगांव को इलेक्ट्रॉनिक्स और स्पेस निर्माण क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी. इन परियोजनाओं से रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. इस इकाई के खुलने से जिलेभर के हजारों बेरोजगारों को सीधे रोजगार मिलेगी. वहीं स्कील के आधार पर कर्मचारियों की डिमांड भी बढ़ेगी.
अफसरों ने बताया कि, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की योजना के तहत तहसील घुमका के ग्राम पटेवा में लगभग 322 एकड़ में ईएमसी 2.0 विकसित किया जाएगा. वहीं, अंतरिक्ष विभाग की योजना के तहत ग्राम बिजेतला में लगभग 50 एकड़ में एसएमसी की स्थापना की जाएगी. इन दोनों क्लस्टरों की स्थापना से न केवल प्रदेश में तकनीकी और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राजनांदगांव को उभरते हुए औद्योगिक हब के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी. यह परियोजनाएं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोज़गार की दिशा में क्रांतिकारी कदम साबित होंगी.
पोस्ट ऑफिस में जमा रकम की वापसी के लिए खाताधारकों ने किया चक्काजाम
डोंगरगढ़। जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में करोड़ों रुपये के कथित फर्जीवाड़े से आक्रोशित ग्रामीण खाताधारकों ने सोमवार को डोंगरगढ़ स्थित पोस्ट ऑफिस पहुंचकर अपनी जमा राशि वापस करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. जिम्मेदार अधिकारियों के अनुपस्थित रहने से नाराज ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस के सामने रेलवे स्टेशन रोड जाम कर धरना दे दिया और नारेबाजी शुरू कर दी. शहर का मुख्य मार्ग शाम तक अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
ग्रामीणों का आरोप है कि पोस्ट मास्टर और फील्ड ऑफिसर दोनों अवकाश पर चले गए हैं. दफ्तर में केवल पोस्टमैन मौजूद थे, जिन्होंने प्रभारी फील्ड ऑफिसर के खैरागढ़ से आने की बात कहकर चुप्पी साध ली. अधिकारियों की गैर मौजूदगी से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और रेलवे स्टेशन रोड पर बैठकर धरना देने लगे. अचानक हुए रोड ब्लॉक की सूचना पुलिस को तत्काल नहीं मिल सकी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई. काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास किया. तब तक नगर पालिका और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल : ग्रामीणों का समर्थन करने विधायक हर्षिता बघेल भी पहुंची. अधिकारियों के संतोष जनक जवाब नहीं मिलने के बाद वे खुद ग्रामीणों के साथ बैठ अनुविभागीय अधिकारी को आंदोलन स्थल बुलाकर मामले की गंभीरता को स्पष्ट किया. वहीं जनपद सदस्य गुलशन लिल्हारे व जटकन्हार के सरपंच भी मौके पर पहुंच धरने पर डटे रहे.
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर माने ग्रामीण
वही स्थिति को नियंत्रित करने विधायक के कॉल करने के बाद एसडीएम भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने देर शाम सड़क खाली किया. इधर संभागीय पोस्ट ऑफिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है.
आठ गांवों के खाताधारक पहुंचे धरना स्थल : धरने में बेलगांव, माड़ीतराई, कटली, धुसेरा, हरणसिंघी, नागतराई, जामरी डारागांव और गांवों के प्रभावित खाताधारक बड़ी संख्या में शामिल हुए. ग्रामीणों का कहना था कि जटकन्हार के फरार पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी ने इन आठ गांवों के हजारों खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी की है. प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के गबन की आशंका जताई जा रही है.



