• घर के भीतर मोबाइल सिग्नल गायब, उपभोक्ता परेशान… सुधार के लिए BSNL ने शहर में उतारी टेस्टिंग टीम.
बिलासपुर. जिले में बीते दिनों मौसम का मिजाज बिगड़ने के बाद अब उसका असर सीधे दूरसंचार सेवाओं पर दिखाई देने लगा है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL का मोबाइल नेटवर्क शहर में बुरी तरह लड़खड़ा गया है। हालत यह है कि कई इलाकों में उपभोक्ताओं के मोबाइल पर नेटवर्क पूरी तरह गायब हो चुका है, जबकि घरों के भीतर कॉलिंग और इंटरनेट सेवा लगभग ठप जैसी स्थिति में पहुंच गई है।
शहर के तेलीपारा, मंगला, सरकंडा, सिविल लाइन, तोरवा सहित कई रिहायशी इलाकों में बीएसएनएल उपभोक्ता लगातार नेटवर्क समस्या से जूझ रहे हैं। मोबाइल स्क्रीन पर कभी “नो सर्विस” तो कभी “इमरजेंसी कॉल” जैसे संकेत दिखाई देने से लोग परेशान हैं। नेटवर्क बाधित होने से ऑनलाइन कामकाज, बैंकिंग, ओटीपी और जरूरी कॉल तक प्रभावित हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि मौसम खराब होने के बाद से नेटवर्क की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। खासतौर पर घरों और बंद कमरों के भीतर सिग्नल पूरी तरह गायब हो जाने से लोगों को कॉल करने के लिए खुले स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इधर 'OMG NEWS NETWORK' ने बढ़ती शिकायतों को लेकर बीएसएनएल प्रबंधन से मुलाकात कर चर्चा की जिसके बाद बीएसएनएल प्रबंधन हरकत में आ गया है और तकनीकी खामियों और लोकेशन आधारित नेटवर्क ड्रॉप की जांच के लिए विभाग ने लाइव टेस्टिंग शुरू कर दी है। इसके लिए तकनीकी टीम को शहर के अलग-अलग हिस्सों में उतारा गया है, जो नेटवर्क कवरेज और टावर कनेक्टिविटी की जांच कर रही है।
बीएसएनएल अधिकारियों के मुताबिक मौसम में बदलाव और तकनीकी व्यवधान के कारण कुछ क्षेत्रों में नेटवर्क प्रभावित हुआ है। टेस्टिंग और मॉनिटरिंग के बाद जल्द ही व्यवस्था सामान्य करने का दावा किया जा रहा है।
'OMG NEWS' से बीएसएनल के जीएम श्रीवास्तव ने कहा.
शहर और आसपास के इलाकों में अचानक आई तेज आंधी, तूफान और बारिश के बाद बिगड़ी मोबाइल नेटवर्क सेवा को लेकर 'OMG NEWS' ने बीएसएनल के जीएम एन के श्रीवास्तव से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। जिसके बाद जीएम श्रीवास्तव से तत्काल टेक्निकल टीम को तलब चरमराई मोबाइल कनेक्टिविटी को ठीक करने के साथ एक बार शहर में लाइव टेस्टिंग करने का निर्देश दिया है उन्होंने जल्द व्यवस्था ठीक होने की बात कही है।



