IND vs AFG, Asian Games 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट क्वार्टर फाइनल में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। लगातार बारिश और गीले मैदान के कारण मैच बिना टॉस के ही रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।

मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आज सुबह 10 बजे से खेला जाना था। टॉस 9:30 बजे होना था, लेकिन बारिश के चलते इसमें देरी हुई। मैदान की स्थिति को देखते हुए कुछ देर बाद अधिकारियों ने मैच रद्द करने का फैसला किया।
मैदान पहले से था गीला, ड्रेनेज भी बड़ी समस्या

कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में रविवार को भी तेज बारिश हुई थी। इससे मैदान पहले से ही काफी गीला था और अभ्यास सत्र भी प्रभावित हुआ था। सोमवार को टॉस के समय फिर तेज बारिश शुरू हो गई। मैदान पर पानी की निकासी और उसे जल्दी सुखाने की सुविधाएं सीमित हैं। इस वेन्यू पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबले भी ज्यादा नहीं होते। एशियन गेम्स के लिए यहां हाइब्रिड पिच तैयार की गई है।
ऐसे में बारिश रुकने के बाद भी मैदान को जल्द खेलने लायक बनाना मुश्किल था। यही वजह रही कि अधिकारियों ने मैच को छोटा करके कराने की संभावना के बजाय मुकाबला रद्द करने का फैसला किया।
भारत को बिना खेले क्यों मिली सेमीफाइनल की टिकट?

एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट के नॉकआउट मुकाबलों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। ऐसे में अगर बारिश के कारण क्वार्टर फाइनल का नतीजा नहीं निकलता है, तो बेहतर आईसीसी टी20 रैंकिंग वाली टीम अगले दौर में पहुंचती है।
भारत टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है। इसी वजह से मैच रद्द होने के बाद भारत को विजेता माना गया और टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई।
पाकिस्तान भी बिना खेले सेमीफाइनल में
इसी वेन्यू पर पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच क्वार्टर फाइनल भी बारिश के कारण नहीं हो सका था। यह मुकाबला भी बिना टॉस के रद्द हुआ। बेहतर रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब भारत और पाकिस्तान दोनों सेमीफाइनल में हैं, लेकिन दोनों की भिड़ंत इस दौर में नहीं होगी।
भारत-पाकिस्तान फाइनल का समीकरण
भारत सेमीफाइनल में श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से खेलेगा। पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश और मलेशिया के मुकाबले के विजेता से होगा। इसलिए एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान फाइनल तभी हो सकता है, जब दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल जीतें।
एशियन गेम्स में अब तक नहीं हुआ भारत-पाक मैच
एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान की टीमें अब तक आमने-सामने नहीं हुई हैं। भारत ने 2022 से इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना शुरू किया, जबकि पाकिस्तान 2010 से खेल रहा है।
भारत ने 2022 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। उस टूर्नामेंट के फाइनल में भी भारत का सामना अफगानिस्तान से होना था, लेकिन बारिश के कारण मैच रद्द हो गया था और भारत को बेहतर रैंकिंग के आधार पर चैंपियन घोषित किया गया था।
भारत और पाकिस्तान की पिछली भिड़ंत टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुई थी। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने यह मैच 61 रन से जीता था।
अब नजर दोनों टीमों के सेमीफाइनल पर है। दोनों ने अपना मुकाबला जीता तो एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पहली बार भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।
