अच्छी खबर: प्रेस क्लब में कि केंद्रीय विवि में स्थानीय छात्रों के लिए 20% सीट आरक्षित करने की मांग.

• उपमुख्यमंत्री अरुण साव को प्रेस क्लब ने सौंपा पत्र, कहा- प्रदेश की प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर अवसर



बिलासपुर. गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी विद्यार्थियों के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने पहल की है। बुधवार को प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर उन्हें मांग संबंधी पत्र सौंपा।


प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ का प्रमुख एवं प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय है। प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए यह उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यार्थियों को केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा करनी पड़ती है और उच्च शिक्षा के लिए उन्हें अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय में 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित होने से प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इससे बिलासपुर समेत पूरे प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को लाभ पहुंच सकता है। स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रदेश में ही बेहतर मंच उपलब्ध होगा।


प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के कुछ विश्वविद्यालयों में स्थानीय विद्यार्थियों के लिए सीट आरक्षण अथवा विशेष प्रावधान की व्यवस्था लागू है। इसी तर्ज पर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के हित में व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जाना चाहिए। इससे प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान प्रेस क्लब उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, रितु साहू, रवि शुक्ला, सादाब खान, उज्जवल तिवारी, प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।


You May Also Like

error: Content is protected !!