महासमुंद. छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे-53 पर कांपा गांव के पास मंगलवार को भीषण सड़क दुर्घटना में 3 युवकों की मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

2 युवकों की मौके पर ही मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर से ट्रैक्टर सड़क से उछलकर करीब 30 मीटर दूर जाकर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार रामेश्वर साहू (32 वर्ष) और सुमित कुमार रात्रे (21 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं राहुल बंजारे (24 वर्ष) व गोवर्धन यादव (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया. वहीं दो घायलों को इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया. जहां राहुल ने भी दम तोड़ दिया. फिलहाल गोवर्धन का उपचार जारी है.
कांपा में पास हादसा
थाना प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया तुमगांव कि ग्राम कांपा निवासी चार युवक ट्रैक्टर क्रमांक सीजी-04 एनए-9789 से बिरकोनी जा रहे थे. सुबह लगभग 6 बजे उनका ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शेरे पंजाब ढाबा के पास जैसे ही पहुंचा, इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी.
