साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ (Awarapan) को फैंस का काफी प्यार मिला था. इस फिल्म की इमोशनल कहानी, शानदार म्यूजिक और इमरान हाशमी के दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी. वहीं, अब 19 साल बाद इस फिल्म का सीक्वल ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) रिलीज होने के लिए तैयार है. मेकर्स ने आज इस फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है.

सामने आए ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) के 1 मिनट 45 सेकेंड के टीजर देखकर साफ लग रहा है कि इस बार भी फिल्म में प्यार, दर्द, बदला और एक्शन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा. इस टीजर की शुरुआत इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) के किरदार शिवम से होती है. वह बाइक पर सफर करते नजर आते हैं, हालांकि शुरुआत में उनका चेहरा नहीं दिख रहा, लेकिन बैकग्राउंड में उनकी आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहते हैं, “कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होतीं. उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है.” यह डायलॉग टीजर के माहौल को रहस्यमयी और भावनात्मक बना रहा है.

टीजर में ये सीन सबसे इमोशनल
बता दें कि टीजर का सबसे भावुक पल तब आता है, जब शिवम एक कब्र के सामने खड़ा दिखाई देता है. कब्र पर आलिया हमीद का नाम लिखा होता है. पहली फिल्म देखने वाले दर्शकों के लिए यह सीन पुरानी यादों को ताजा कर देता है. गौरतलब है कि ‘आवारापन’ (Awarapan) में आलिया का किरदार एक्ट्रेस श्रिया सरण (Shriya Saran) ने निभाया था, जिसकी कहानी फिल्म का सबसे भावुक हिस्सा थी. इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) कहते हैं कि “दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा… इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या फिर मैं.”
ये है स्टारकास्ट
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इस बार फिल्म में एक्ट्रेस दिशा पाटनी (Disha Patani) फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी. टीजर में उनकी छोटी-सी झलक दिखाई गई है, लेकिन उनका किरदार फिलहाल रहस्य बना हुआ है. वहीं, दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी (Shabana Azmi) फिल्म में मुख्य विलेन के रूप में नजर आएंगी. उनका गंभीर और प्रभावशाली अंदाज कहानी में नया रोमांच जोड़ता दिखाई दे रहा है.
बता दें कि पहली ‘आवारापन’ (Awarapan) का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था, जबकि इस बार ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) के डायरेक्शन की कमान नितिन कक्कड़ ने संभाली है. ये फिल्म स्वतंत्रता दिवस के पहले यानी 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है.



