युवक के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए दिनदहाड़े युवक के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में इस वारदात का मास्टरमाइंड भी शामिल है। वहीं, इस मामले में एक आरोपी के स्थानीय पार्षद होने की चर्चा ने घटना की संवेदनशीलता और बढ़ा दी है।


जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पूर्व घटी थी, जब युवक को अज्ञात लोगों ने दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया था। कुछ घंटों बाद युवक को उसके ही घर के बाहर अधमरी हालत में फेंक दिया गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।



अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसके साथ निर्ममता से मारपीट की गई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस ने सायबर सेल और तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की पहचान की। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से एक पूरा षड्यंत्र रचने वाला मास्टरमाइंड है। इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्धों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।



पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। परिजनों ने दो दिन बाद भी न्याय की मांग दोहराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सदमे और डर का माहौल बना हुआ है।





You May Also Like

error: Content is protected !!