वीडियो- आप पार्टी के नेता राय ने कहा,दिल्ली-पंजाब में सरकार बनने के बाद आत्मविश्वास बढ़ा, कांग्रेस-बीजेपी से लोग परेशान, मिशन 2023 पर फोकस.

बिलासपुर. मिशन 2023 को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। चुनाव से पहले पार्टी का फोकस संगठनात्मक विस्तार के साथ प्रदेश के अंतिम गांव मोहल्ले तक पहुंचने पर है। इसे लेकर पार्टी पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने जिले में पदाधिकारी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। जिसमें आप के प्रदेश चुनाव प्रभारी गोपाल राय, प्रदेश प्रभारी संजीव झा, प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने प्रदेशभर के विधानसभा क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया।

आप के प्रदेश चुनाव प्रभारी गोपाल राय ने प्रशिक्षण शिविर को लेकर बताया कि, दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनने से लोगों में आत्मविश्वास आया है। भाजपा – कांग्रेस दोनों पार्टियों से लोग परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं। इसे देखते हुए केजरीवाल सरकार के नीतियों को हर गांव, हर मोहल्ले तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने पूरे 90 विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों को ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाकर प्रशिक्षित करने का प्लान बनाया है। 1 मई से 10 मई के बीच पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। जिसमें चार- चार लोगों की टीम बनाई जाएगी, जो ग्राम और मोहल्ला में संपर्क अभियान शुरू करेंगे। प्रदेश के सभी गांव और मोहल्लों में 25 मई से लेकर 25 जून एक महीने तक जनसंवाद अभियान चलाया जाएगा। जिसके जरिए केजरीवाल सरकार की नीतियों को लोगों के बीच पहुंचाने के साथ गांव और मोहल्ले स्तर पर टीम के विस्तार का काम किया जाएगा। ग्रास रूट लेवल पर पार्टी संगठन का विस्तार करेगी।

प्रदेश चुनाव प्रभारी गोपाल राय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, हमारे लिए यही अवसर है। कांग्रेस को दो और भाजपा को तीन बार मौका मिल चुका है। उन्हे केवल धोखा मिला है। दिल्ली पंजाब में भी दोनों जगह दोनो पार्टियां थी, लेकिन जनता ने बदलाव किया। आगे उन्होंने कहा कि, किसानो के लिए कर्जा लेकर सुविधा देना प्रदेश की पीछे ले जा रहा है। 15 साल में भाजपा ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाया उस रिकॉर्ड को तीन साल में कांग्रेस ने तोड़ दिया है।

You May Also Like