• हीरे की अंगूठी पर बवाल: बायबैक में कम कीमत को लेकर पी.सी. ज्वैलर्स घिरा, एसपी से शिकायत.
बिलासपुर. शहर के अग्रसेन चौक स्थित ब्रांडेड ज्वेलरी शो रूम पी.सी. ज्वैलर्स एक बार फिर विवादों में आ गया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शो रूम पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी और आभूषणों की वापसी (बायबैक) में उचित मूल्य न देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
एक नजर घटनाक्रम पर.
प्रेस कांफ्रेंस कर एसोसिएशन ने पत्रकारों को बताया कि खरसिया निवासी पारस पटेल ने 11 जून 2018 को पी.सी. ज्वैलर्स, बिलासपुर से 5.620 ग्राम (14 कैरेट सोना) और 0.46 सेंट हीरे की अंगूठी ₹85,799 में खरीदी थी।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह उसी अंगूठी को मौजूदा बाजार दर पर बेचने पहुंचा, तो शोरूम द्वारा उसे खरीद मूल्य से भी कम राशि ऑफर की गई। जबकि पिछले वर्षों में सोने की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है।
एसोसिएशन का दावा है कि मेकिंग चार्ज काटने के बाद भी अंगूठी की वर्तमान कीमत लगभग ₹1,17,299 होनी चाहिए, लेकिन शोरूम प्रबंधन इस पर सहमत नहीं है।
बिलिंग पर सवाल.
मूल बिल में सोने की दर, हीरे की कीमत और लेबर चार्ज का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया था। सिर्फ कुल वजन और कुल कीमत दर्ज थी, जिसे एसोसिएशन ने पारदर्शिता की कमी बताते हुए ग्राहकों को भ्रमित करने वाला बताया है।
आंदोलन की चेतावनी.
सराफा एसोसिएशन ने इसे “ब्रांडेड शोरूमों की लूट” करार देते हुए कहा है कि मामले की शिकायत बीआईएस, उपभोक्ता फोरम सहित अन्य मंचों पर की जाएगी। साथ ही, पूरे छत्तीसगढ़ में जागरूकता अभियान और आंदोलन चलाने की भी चेतावनी दी गई है।



