शराब के नशे में घर लौटा बेटा, पिता से हुआ विवाद तो खूनी बना रिश्ता! बेरहमी से पीटकर उतारा मौत के घाट

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कार्तिक पूर्णीमा के दिन आदत से मजबूर बेटा शराब पीकर घर लौटा, जिसपर उसके पिता ने गहरी नाराजगी जताई. विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया. वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया.


खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीसागर गांव का पूरा मामला है. जहां स्वर्ण गिरी (62 साल) छोटी सी नास्ते की दुकान चलाकर परिवार का गुजारा करते थे. मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर पूजा-पाठ का माहौल था. इस दौरान स्वर्ण गिरी का बेटा राजकुमार गिरी शराब पीकर घर वापस लौटा. इस पर पिता ने शराब पीकर आने पर नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों के बीच बहस होने लग गई. इसके बाद पिता शिकायत करने सरपंच के घर पहुंचे. हालांकि सरंपच से मुलाकात नहीं हुई. इस दौरान बेटा कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और दोबारा विवाद करने लगा.



सरपंच के घर के सामने की पिता की हत्या

जानकारी के मुताबिक विवाद के दौरान बेटे ने कुल्हाड़ी से अपने पिता के गर्दन पर प्राणघातक वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात की सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.वहीं पतासाजी के दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया. पुलिस ने बताया कि हिरासत में लेकर थाना में पूछताछ के दौरान आरोपी ने गुनाह कबूल लिया है.


एसएसपी शसिमोहन सिंह ने जानकारी दी कि अपने पिता की हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी है.

You May Also Like

error: Content is protected !!