🚨 सिम्स में बवाल! NICU में जबरन घुसने की कोशिश, गार्डों से हाथापाई का आरोप 🚨
बिलासपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स में शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। कथित हिंदू नेता रामसिंह ठाकुर पर अस्पताल के सुरक्षा गार्डों से अभद्रता और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। पूरी घटना NICU के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रामसिंह ठाकुर संवेदनशील NICU वार्ड में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने रोकने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान गार्डों से हाथापाई की गई और महिला नर्सों व स्टाफ के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी भी दी गई।
घटना के बाद NICU के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों के परिजन और अस्पताल स्टाफ भी सहम गए। सिम्स प्रबंधन ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और पूरे मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह ने कहा — अस्पताल में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल मरीजों की सुरक्षा के लिए है, दबंगई के लिए नहीं।



