महुआ शराब का अवैध कारोबार बेनकाब: लाखों का माल जब्त, 3 आरोपी धराए

बिलासपुर. जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उच्च अधिकारियों के निर्देश और मुखबिर की सटीक सूचना पर आबकारी विभाग बिल्हा की टीम ने चकरभाठा-बोदरी क्षेत्र में दबिश देकर कच्ची शराब बनाने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।


बताया जा रहा है कि विभाग द्वारा जिले में लगातार सघन गश्त कर अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी चकरभाठा और तखतपुर क्षेत्र में कई नशाखोरों को जेल भेजा जा चुका है। इसी कड़ी में 21 अप्रैल 2026 की अल सुबह बोदरी स्थित वर्मा मोहल्ला में छापेमारी की गई।


छापे के दौरान टीम ने आढ़ोलिया मोहल्ले के राजकुमार वर्मा, विवेक वर्मा और संतु वर्मा के घरों की तलाशी ली, जहां तीनों आरोपी कच्ची शराब बनाने की भट्टी संचालित करते पाए गए।


🔹 बरामदगी का ब्यौरा:

राजकुमार वर्मा के कब्जे से 80 लीटर महुआ शराब और 90 किलोग्राम लाहन

संतु वर्मा के पास से 70 लीटर कच्ची शराब और 75 किलोग्राम महुआ पास

विवेक वर्मा के घर से 80 लीटर महुआ शराब, 60 किलोग्राम लाहन एवं शराब बनाने के उपकरण (झांझी-झोकनी) जब्त.


आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क/च), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया।


यह पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी छवि पटेल के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र जामडे, मुख्य आरक्षक अनिल पांडे, आरक्षक राहुल दुबे, मुन्नी देवांगन, दिशा लहरे और वाहन चालक संदीप खल्खो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





You May Also Like

error: Content is protected !!