• घायल और बेसहारा गोवंश को मिलेगा मौके पर उपचार, जरूरत पड़ने पर अस्पताल भी पहुंचाएगी एंबुलेंस.
बिलासपुर. औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करने वाले जय दुर्गा आयल एक्सट्रैक्शन ने अपने गौरवशाली सफर के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए गौसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। संस्थान की 20 वर्षों की सफल यात्रा और उपभोक्ताओं के साथ बने विश्वास के मजबूत रिश्तों के उपलक्ष्य में गुरुवार को सिरगिट्टी स्थित जय दुर्गा एग्रो परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर घायल एवं बेसहारा गोवंश की सहायता के लिए विशेष गौ चिकित्सा वाहन (एंबुलेंस) का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के अलावा कार्यक्रम में समाजसेवी और उद्योगपति शिव अग्रवाल, डायरेक्टर प्रमोद अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल एवं देशराज अग्रवाल रहें। अतिथियों की उपस्थिति में गो चिकित्सा वाहन का लोकार्पण किया गया। इस पहल को गौसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया गया।
फोन पर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी एंबुलेंस.
जय दुर्गा आयल की ओर से शुरू की गई यह गौ चिकित्सा एंबुलेंस पूरी तरह निशुल्क सेवा प्रदान करेगी। इसकी खासियत यह है कि शहर या आसपास के क्षेत्र में कहीं भी कोई गोवंश घायल अथवा असहाय अवस्था में मिलता है तो सूचना मिलने पर वाहन तत्काल मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करेगा। यदि पशु की स्थिति गंभीर है और उसे अस्पताल ले जाने की आवश्यकता है, तो एंबुलेंस के माध्यम से उसे सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं अथवा अन्य कारणों से घायल होने वाले गोवंश को समय पर उपचार मिल सकेगा।
बिलासपुर और आसपास के 10 से 15 किलोमीटर क्षेत्र में मिलेगी सेवा.
फिलहाल इस गौ चिकित्सा वाहन का संचालन बिलासपुर और आसपास के लगभग 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा। संस्थान की भविष्य में इस सेवा का विस्तार करने की भी योजना है। इसके तहत प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में भी इसी तरह की गौ चिकित्सा एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बेसहारा और घायल गोवंश को समय पर सहायता मिल सके।
20 वर्षों के सफर में विश्वास और सामाजिक सरोकारों का संकल्प.
समारोह में जय दुर्गा आयल एक्सट्रैक्शन की दो दशक की यात्रा, उपलब्धियों और ग्राहकों के साथ बने विश्वास के रिश्तों को याद किया गया। 'विश्वास का उत्सव' की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान की अब तक की उपलब्धियों के साथ भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता केवल व्यावसायिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों और योगदान से भी पहचानी जाती है।