• कंप्यूटर शिक्षा से पुरुष बंदियों को डिजिटल दक्षता, तो महिला बंदियों ने सीखा ब्यूटी पार्लर का हुनर.
• रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनने की दिशा में पहल.
रायपुर. जेल की चारदीवारी के भीतर सजा काट रहे बंदियों के भविष्य को नई दिशा देने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा का प्रशिक्षण हासिल किया, जबकि 30 महिला बंदियों ने असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस) यानी ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूरा किया। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
22 नवंबर को केंद्रीय जेल रायपुर में भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट के तहत प्रशिक्षित 40 पुरुष बंदियों और असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित 30 महिला बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं हिमांशु गुप्ता रहे, जबकि अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष ठाकुर राम सिंह ने की। इस अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के डायरेक्टर अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर (छत्तीसगढ़-झारखंड) वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डिजिटल शिक्षा से खुलेंगे रोजगार के रास्ते
मुख्य अतिथि श्री हिमांशु गुप्ता ने कहा कि 'निश्चय कार्यक्रम' के तहत बंदियों को शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आज के दौर में कंप्यूटर शिक्षा केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का माध्यम भी है। डिजिटल साक्षरता से जुड़कर बंदी अपने आत्मविश्वास और कार्यकुशलता को बढ़ा सकते हैं। इसका लाभ उन्हें जेल से बाहर आने के बाद समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित होने में मिलेगा।
उन्होंने कहा कि महिला बंदियों को भी रिहाई के बाद पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस) यानी ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे अपने हुनर के दम पर आजीविका के नए रास्ते तलाश सकेंगी।
कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता का आधार
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीकी दक्षता और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उनके पुनर्वास की राह भी आसान कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय जेल रायपुर के जेल अधीक्षक श्री योगेश सिंह क्षत्री ने अतिथियों, प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े संस्थानों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।