गोदाम के वॉशरूम में कैमरा मिलने से हड़कंप, अधिकारियों पर अश्लील टिप्पणी के आरोप; युवक-युवतियों ने थाने में की शिकायत

धरसीवां। राजधानी रायपुर के सिलतरा क्षेत्र स्थित गिरौद गांव में अमेजन के लॉजिस्टिक पार्टनर यू सेन लॉजिस्टिक के गोदाम में काम करने वाले युवक-युवतियों ने वहां कार्यरत कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सिलतरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।


शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गोदाम में कार्यरत कुछ अधिकारी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। वहीं, युवकों ने आरोप लगाया है कि उनके वॉशरूम में कैमरा लगाया गया है। दूसरी ओर, महिला कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ अधिकारी उनके साथ आपत्तिजनक और अश्लील बातें करते हुए डेट पर चलने जैसी बातें करते हैं।

 

बड़ी संख्या में कर्मचारी एकजुट होकर सिलतरा पुलिस थाने पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जिन अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनमें से एक अधिकारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। हालांकि, पत्रकारों को देखकर वह थाना परिसर से इधर-उधर चले गए और अपना पक्ष नहीं रखा। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।


You May Also Like

error: Content is protected !!