डोंगरगढ़ में वायरल CCTV ने खोली चोरी की परतें, नाबालिगों के इस्तेमाल की जांच तेज

डोंगरगढ़। धर्म नगरी डोंगरगढ़ में सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो अलग-अलग सीसीटीवी वीडियो ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों वीडियो में कम उम्र का एक बच्चा कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों घटनाएं दिन के उजाले में हुईं और दोनों मामलों में बच्चा अकेले पूरी वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।



पहला वायरल वीडियो ट्रकों से चोरी की घटना का बताया जा रहा है। वीडियो में एक बच्चा ट्रकों के पास पहुंचता है और पहले एक ट्रक का फॉग लैंप निकालता दिखाई देता है। इसके बाद वह दूसरे ट्रक पर चढ़कर कुछ देर तक तलाश करता है, और कथित तौर पर ट्रक की बैटरी निकालकर वहां से फरार हो जाता है।



दूसरा वीडियो गोल बाजार स्थित एक जूते-चप्पल की दुकान का बताया जा रहा है। फुटेज में दुकान संचालिका महिला आराम करती दिखाई देती हैं। इसी दौरान एक बच्चा पहले दुकान के आसपास नजर दौड़ाता है, और मौका मिलते ही दुकान के भीतर प्रवेश कर काउंटर के गल्ले में रखी नकदी निकालकर कुछ ही सेकंड में वहां से भाग जाता है।


इन दोनों घटनाओं ने शहर में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कम उम्र के बच्चे इतने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को कैसे अंजाम दे रहे हैं? क्या ये बच्चे अपने स्तर पर ऐसा कर रहे हैं या फिर इनके पीछे कोई ऐसा व्यक्ति या समूह है जो नाबालिगों का इस्तेमाल कर अपराध करवा रहा है? यदि ऐसा है तो चोरी के बाद सामान और नकदी आखिर किसके पास पहुंच रही है?


फिलहाल, इन वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि दोनों मामलों में पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है, तो जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन घटनाओं के पीछे केवल नाबालिग बच्चे हैं या फिर कोई बड़ा नेटवर्क उन्हें निर्देशित कर रहा है। शहर के लोगों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर है। सभी को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।





You May Also Like

error: Content is protected !!