जांजगीर-चांपा। जांजगीर जिले से सुसाइड की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 12वीं की छात्रा ने वीडियो कॉल के दौरान अपने प्रेमी से बात करते हुए घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना की जानकारी छात्रा के प्रेमी ने खुद सिटी कोतवाली थाने में आकर दी। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, लक्षनपुर गांव निवासी 18 वर्षीय रजनी प्रधान के माता-पिता मजदूरी करने घर से बाहर गए थे। छात्रा घर में अकेली थी। जब माता-पिता दोपहर लौटे, तो उन्हें घर के कमरे में अपनी बेटी रजनी की लाश पंखे से लटकी हुई मिली। यह देखकर उनकी हालत खराब हो गई। उन्होंने पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा बना शव को फंदे से उतरवा पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी बात सामने आई कि छात्रा ने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते समय फांसी लगाकर अपनी जान दी है। छात्रा के प्रेमी ने खुद सिटी कोतवाली थाना आकर पुलिस को इसकी सूचना दी है। छात्रा ने दोपहर दो से तीन बजे के बीच आत्महत्या की है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी है। इस संबंध में पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और जांच कर रही है। छात्रा के सीडीआर की भी जांच की जा रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्रा ने आखिरी समय में किससे–किससे बात की थी और किन परिस्थितियों के मद्देनजर फांसी लगाई।
छात्रा के पड़ोसियों और ग्रामीणों के अनुसार छात्रा पढ़ाई में ठीक थी और सभी से मिलनसार भी थी। वह किसी चिंता या तनाव में भी नहीं दिखती थी। उसका व्यवहार सामान्य था। अचानक उसकी आत्महत्या से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। वहीं माता-पिता का भी रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
वहीं जांजगीर पुलिस के मुताबिक मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। छात्रा की पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, परीक्षा संबंधी तनाव और किसी प्रकार के अन्य मानसिक तनाव या अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है तथा छात्रा के आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी है।



