खैरागढ़। सोमवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। राजा फतेह सिंह खेल मैदान में 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांच संभागों से 330 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में फुटबॉल और खो-खो की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। यहां 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। वहीं, 14 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए खो-खो की स्पर्धाएं रखी गई हैं। राज्य के अलग-अलग संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच इन मुकाबलों को लेकर खेल गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह और जिला पंचायत खैरागढ़ के सीईओ प्रेम कुमार पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ करीब 50 अधिकारी, शिक्षक और कोच भी पहुंचे हैं।
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और उनके साथ आए दलों के ठहरने के लिए शिशु मंदिर, मंगल भवन और शासकीय संस्थानों में व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को आयोजन स्थल तक आने-जाने में परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए पानी, बिजली और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खिलाड़ियों के ठहरने की जगहों और बसों में ‘अतिथि देवो भव’ का संदेश भी लिखवाया गया है, ताकि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के बीच बेहतर आतिथ्य और सकारात्मक संदेश पहुंचे। चार दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के जरिए स्कूली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का समापन 29 अक्टूबर को होगा।