लखनऊ. उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कोतवाली क्षेत्र में 29 मार्च को आयोजित ‘सनातन धर्म संवाद’ कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के प्रांगण में आयोजित किया गया था। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के आयोजक प्रशांत पांडे (प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महासभा) ने प्रशासन से सशर्त अनुमति ली थी। हालांकि, जांच में सामने आया कि अनुमति की शर्तों का पूर्ण पालन नहीं किया गया।
चौकी प्रभारी गांधीनगर, उपनिरीक्षक सभाशंकर यादव द्वारा दर्ज बीट सूचना रपट की जांच के दौरान पाया गया कि कार्यक्रम में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत लागू दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हुआ। कार्यक्रम स्थल पर लाउडस्पीकर न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में चलाए गए, जिससे आसपास के लोगों को असुविधा हुई। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ वक्ताओं द्वारा ऐसे भाषण दिए गए, जिनसे समुदायों के बीच शत्रुता और घृणा फैलने की आशंका बनी, जिससे आम नागरिकों में असहजता उत्पन्न हुई।



