कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), बीते 8 दिनों में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ 'एक मजाक' अब जैसे मुहिम बनता जा रहा है। 16 मई को इंस्टाग्राम पर यह पेज शुरू हुआ और देखते ही देखते खबर लिखे जाने तक इसके 21.8M फॉलोअर्स बन चुके हैं। इसने इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (9.2M) और कांग्रेस (13.4M) को भी पीछे छोड़ दिया है। फिल्म इंडस्ट्री से दीया मिर्जा, कोंकणा सेन शर्मा, प्रकाश राज, विशाल ददलानी, शेखर सुमन, चिन्मयी श्रीपदा जैसे कई सेलेब्रिटीज ने इसका समर्थन किया है। एक्टर, डायरेक्टर और स्टैंडअप कॉमेडियन वीर दास भी इस Gen Z आंदोलन के साथ खड़े हैं। 'हैप्पी पटेल' फेम वीर दास ने शनिवार को एक X पोस्ट में इसे 'युवाओं की भावना' से जोड़ते हुए इसके 'वैध' और 'अवैध' होने की चर्चा को नया मोड़ दिया है।
एक्टर ने CJP के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 'बैन' लगाने की घटना को 'बेवकूफी' भरा कदम बताते हुए सरकार को घेरा है। वीर दास का यह पोस्ट तब सामने आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को दबाने की कोशिशें की गई हैं।



