तखतपुर पुलिस की कार्रवाई: किराना दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

• 11 हजार रुपये का सोयाबीन तेल बरामद, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी.



बिलासपुर. तखतपुर थाना पुलिस ने ग्राम जरौधा स्थित किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 15 लीटर क्षमता वाले सोयाबीन तेल के तीन टीन तथा 5 लीटर क्षमता वाले चार प्लास्टिक जरीकेन समेत कुल 11 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थी परमीत सिंह सालुजा (26 वर्ष), निवासी तखतपुर ने 7 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम जरौधा गुड़ी के पास स्थित उनकी किराना दुकान से अज्ञात चोरों ने महाकोष कंपनी के 15 लीटर वाले तीन टीन तेल, 5 लीटर वाले चार प्लास्टिक जरीकेन, 5 किलो आशीर्वाद आटा, अन्य किराना सामान तथा गल्ले से करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। कुल चोरी की कीमत लगभग 22,500 रुपये आंकी गई।


शिकायत पर थाना तखतपुर में अपराध क्रमांक 417/2026 धारा 303(2), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान ग्राम जरौधा में गोपाल मेहर के कोठार के पैरावट में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कलेश्वर मेहर (21 वर्ष) और कुंदन धृतलहरे (21 वर्ष), दोनों निवासी जरौधा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।


पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर कब्जे में लिया। जांच में बंटी साहू और सुमित यादव की भी संलिप्तता सामने आई है, जो घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


दोनों गिरफ्तार आरोपियों को 8 जुलाई की रात विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक रामायण राजपूत, आरक्षक आशीष, हरिश यादव एवं संतोष पोर्ते की सराहनीय भूमिका रही।













You May Also Like

error: Content is protected !!