• मटियारी में 57 लीटर महुआ शराब, 180 लीटर अवैध मदिरा और 1530 किलो लहान जब्त, कई आरोपी जेल भेजे गए.
बिलासपुर. सुशासन तिहार और मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। सीपत क्षेत्र के ग्राम मटियारी में की गई कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में महुआ शराब और लहान जब्त किया गया, जबकि कई आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया।
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम मटियारी में दबिश देकर रूकमणी पति उज्जैन सिंह के कब्जे से 20 लीटर, श्यामता बाई पति बीरबल के घर से 15 लीटर तथा शैलबाई पति सुरेंद्र के कब्जे से 22 लीटर महुआ शराब जब्त की। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की गैर-जमानती धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इसी दौरान निर्मला बाई पति रामनाथ तथा पूनम मालिया पति सन्नु मालिया के घरों से भी महुआ शराब बरामद की गई, जिनके खिलाफ धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई।ता
तलाब में छिपाकर रखी गई थी अवैध शराब.
कार्रवाई के दौरान ग्राम मटियारी के शासकीय तालाब से लावारिस हालत में छिपाकर रखे गए 180 लीटर महुआ शराब तथा 1530 किलोग्राम महुआ लहान को भी जब्त किया गया। विभाग ने जब्त सामग्री का विधिवत पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई की।

मीडिया शिकायत पर भी तत्काल एक्शन.
मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम अमेरी थाना सकरी निवासी सूरज बघेल पिता धनऊ राम के कब्जे से 9.36 लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसे जेल दाखिल किया गया।
पहले भी हुई थीं लगातार कार्रवाइयाँ.
आबकारी विभाग ने बताया कि एक दिन पूर्व कोटा वृत्त में ग्राम लालपुर निवासी ओमप्रकाश टंडन के कब्जे से 14.5 लीटर महुआ शराब जब्त कर गैर-जमानती प्रकरण दर्ज किया गया था। वहीं मस्तूरी वृत्त में ग्राम भिलाई निवासी मनोज धनवार से 9.5 लीटर महुआ शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला कायम किया गया।
इसके अलावा हाल ही में बिल्हा वृत्त की टीम ने ग्राम सैदा निवासी रवि वर्मा और ग्राम डड़हा निवासी बलराम ठाकुर को अवैध मदिरा रखने के मामले में न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर जेल भेजा था।
कलेक्टर के निर्देश पर चल रहा अभियान.
समस्त कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश तथा सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में वृत्त प्रभारी तेलेस्फोर एक्का, धर्मेंद्र शुक्ला, भूपेंद्र जामड़े, ऐश्वर्या मिंज, वेद प्रकाश नेताम एवं छबिलाल पटेल सहित आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक और आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त, पतासाजी और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



