शादी का दबाव बना रहा था प्रेमी, युवती ने कीटनाशक पीकर दी जान बोर्ड की अंग्रेजी परीक्षा में 269 छात्र अनुपस्थित फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से ठगी, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। शादी करने बार-बार दबाव बनाने से क्षुब्ध 19 वर्षीया युवती ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजन उसे मेडिकल कालेज चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि धौरपुर के ग्राम बरकोल निवासी भीमसेन बरगाह की 19 वर्षीया पुत्री रुपा घटना दिवस 20 फरवरी की शाम कीटनाशक का सेवन कर ली थी। परिजन उसे लुण्ड्रा चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज चिकित्सालय रेफर किया था। परिजन जब रुपा से कीटनाशक पीने का कारण पूछे तो वह बताई थी कि उसका धौरपुर के ग्राम रवई निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक उसे काफी दिनों से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। जिससे क्षुब्ध होकर उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। रुपा ने उपचार के दौरान आज 24 फरवरी की सुबह दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस मर्ग कायम कर लिया है।



बोर्ड के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 269 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित हाई स्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा अंतर्गत जिले के परीक्षा केन्द्र में अंग्रेजी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कलेक्टर अजीत वसंत और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा द्वारा संयुक्त रूप से शासकीय बहुउद्देश्यीय उमावि तथा शासकीय कन्या शिक्षा परिसर परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा व परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने सभी परीक्षा केन्द्रों में सुचारू रूप से संचालित करने व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश। इसके अतिरिक्त गठित उड़नदस्ता दल द्वारा शासकीय कन्या मणीपुर, सेजेस गांधीनगर उदारी, कुन्दीकला, बालक लुण्ड्रा,


पडौली बालक सीतापुर, कन्या सीतापुर, सेजेस बतौली, बेलजोरा, बटईकेला, कुन्नी तथा अरगोती पुहपुटरा परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सभी केन्द्रों में परीक्षा शांतिपूर्वक व निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप

संचालित होती पाई गई। परीक्षा में कुल 9664 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9395 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 269 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।


महिलाएं आपसी विवाद को सुलझाएंगी, शिकायत निवारण का माध्यम बनेगी नारी अदालत


बैकुण्ठपुर। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सलका में नारी अदालत का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ग्राम पंचायत मनसुख एवं ग्राम पंचायत सलका में गठित नारी अदालत के सदस्यों के लिए आयोजित किया गया। नारी अदालत मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है जिसे महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं से संबंधित शोषण, घरेलू हिंसा, अधिकारों में कटौती एवं अन्य सामाजिक मुद्दों के समाधान के लिए एक प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र के रूप में कार्य करेगी। नारी अदालत महिलाओं का एक सशक्त समूह है जिसमें समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय महिलाएं शामिल हैं। यह समूह विभिन्न प्रकार के विवादों के समाधान, परामर्श, साक्ष्यों के आधार पर निर्णय, आपसी सहमति से मध्यस्थता एवं सुलह तथा महिलाओं के अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगा। इसके माध्यम से त्वरित, सुलभ एवं किफायती न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। नारी अदालत के संचालन से समाज में महिलाओं के अधिकारों, कानूनी विकल्पों एवं शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता में वृद्धि होगी। साथ ही घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना एवं लैंगिक आधारित हिंसा जैसी घटनाओं में पीड़ित महिलाओं को सहयोग प्रदान करने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


कल्याणपुर, लटोरी, दतिमा व सलका मार्ग का होगा सुदृढ़ीकरण, 40 करोड़ स्वीकृत


सूरजपुर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी नीति के अनुरूप क्षेत्र में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सूरजपुर जिले के कल्याणपुर, लटोरी, दतिमा व सलका मुख्य मार्ग के विभिन्न खंडों में सड़क सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। लगभग 29 किलोमीटर लंबाई में प्रस्तावित इस कार्य के लिए 40.93 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह मार्ग क्षेत्र के अनेक ग्रामों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। जिसके उन्नयन से आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तीव्र होगा। इससे ग्रामीण अंचलों का

मंत्री राजवाड़े के प्रयासों से महत्वपूर्ण उपलब्धि जिला मुख्यालय एवं अन्य प्रमुख स्थलों से बेहतर संपर्क स्थापित होगा। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि सड़क केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास की जीवनरेखा है। सुदृढ़ सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्याथिर्यों को शिक्षा संस्थानों तक सुगमता से पहुंच सुनिश्चित होगी तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक त्वरित पहुंच संभव हो सकेगी। साथ ही व्यापार, लघु उद्योग एवं स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदशिर्ता एवं समावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अधोसंरचना विकास के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चरणबद्ध रूप से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।


पीड़ित/सूचनाकर्ता के लिए प्रत्येक थाना एवं चौकी में दो कुर्सियां आरक्षित

कोरिया। जिला कोरिया पुलिस द्वारा जन-संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में पीड़ितों एवं सूचनाकर्ताओं के लिए दो-दो कुर्सियां आरक्षित कर उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि थाना/चौकी में आने वाले प्रत्येक पीड़ित, फरियादी अथवा सूचना देने वाले नागरिक को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्या सुनी जाए। इसी उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सभी थाना एवं चौकी उपरोक्त सामग्री को उपलब्ध कराया गया है, जिसके फलस्वरूप जिले के समस्त थाना एवं पुलिस चौकियों में उक्त व्यवस्था कर ली गई है।


इस पहल का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के मध्य विश्वास को सुदृढ़ करना तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील एवं गरिमामय व्यवहार सुनिश्चित करना है। जिला पुलिस यह मानती है कि प्रत्येक नागरिक सम्मान का अधिकारी है और उसकी समस्या को गंभीरता एवं सहानुभूति के साथ सुनना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला कोरिया पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की सूचना अथवा शिकायत के लिए निःसंकोच अपने निकटतम थाना/चौकी से संपर्क करें। पुलिस आपकी सेवा एवं सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है।


फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी से ठगी, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने जाली पॉवर ऑफ अटॉर्नी से भूमि, दो लाख रूपए की ठगी किए जाने के आरोप में राजेश कुमार पांडेय को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से फर्जी मुख्तारनामाआम जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि शहर के चर्च रोड केदारपुर निवासी प्रीतपाल सिंह के द्वारा कोतवाली में यह शिकायत दर्ज कराई गई थी आरोपी ने शहर से लगे ग्राम मोरभंज लटोरी में मिना व देवमति की भूमि को 35 लाख रूपए में बेचने का सौदा किया था। जिससे प्रीतपाल ने अग्रिम राशि के रूप में चेक से दो लाख रूपए दिया था, मगर जांच में पता चला कि आरोपी राजेश कुमार पांडेय के पास असली पॉवर ऑफ अटॉर्नी नहीं था। उसने जाली दस्तावेज दिखा कर ठगी की और धोखाधड़ी उजागर होने पर जब रूपए वापस मांगा गया तब टालमटोल किया जाने लगा। पुलिस ने बताया कि भूमि की मूल स्वामिनी देवमति से आरोपी ने छह मार्च 2023 को जरनल पॉवर ऑफ अटॉर्नी दो वर्ष के लिए लिया गया है। जिससे प्रथम दृष्टिया दोखाधड़ी सामने आने पर धारा 466, 468, 471 के तहत अपराध दर्ज किया गया।





You May Also Like

error: Content is protected !!