रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विवादित बयान पर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि राहुल गांधी द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के विरुद्ध ‘गद्दार’ जैसे अशोभनीय शब्द का प्रयोग उनकी हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता को स्पष्ट रूप से उजागर करता है।
सीएम साय ने कहा, लंबे समय से सत्ता से दूर रहने की निराशा ने कांग्रेस पार्टी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लांघने पर विवश कर दिया है। जिस कुशल एवं दृढ़ नेतृत्व ने आतंकवाद व नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए देश की सुरक्षा को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान की और भारत को विश्व मंच पर एक सम्मानित, सशक्त एवं निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित किया, उसी लोकतांत्रिक रूप से चुने गए शीर्ष नेतृत्व के विरुद्ध ऐसी घृणित टिप्पणी न केवल अत्यंत निंदनीय है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का सीधा अपमान भी है।

साय ने कहा, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा राष्ट्र की गरिमा से जुड़ी होती है। राजनीतिक विरोध की आड़ में अशिष्ट, अपमानजनक और अतिवादी भाषा का प्रयोग न केवल हमारे गौरवशाली लोकतंत्र की परंपरा के विरुद्ध है, बल्कि बोलने वाले की राजनीतिक परिपक्वता पर गंभीर प्रश्नचिह्न भी लगाता है। कांग्रेस का यह गैर-जिम्मेदाराना, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र-विरोधी आचरण देश की जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
राहुल गांधी द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के विरुद्ध ‘गद्दार’ जैसे अशोभनीय शब्द का प्रयोग उनकी हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता को स्पष्ट रूप से उजागर करता है।
लंबे समय से सत्ता से दूर रहने की निराशा…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) May 20, 2026
रायबरेली में राहुल गांधी ने दिया विवादित बयान
दरअसल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित बयान दिया। राहुल गांधी ने जनसभा में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री गद्दार है। कांग्रेस ने राहुल गांधी का यह वीडियो खुद सोशल मीडिया पर साझा किया है। राहुल गांधी ने कहा कि जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। BJP-RSS गद्दार हैं, क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी जी, गांधी जी और अंबेडकर जी पर हमला किया है।



