ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश के तहत पुलिस ने 43 लापता लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया, जिससे परिवारों के चेहरों पर फिर मुस्कान लौट आई

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस को ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश के तहत बड़ी सफलता मिली है। 1 अप्रैल से शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अब तक गुम हुए 43 लोगों को दस्तयाब कर सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया है। लगातार कार्रवाई और सक्रिय पुलिसिंग से कई परिवारों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है।

ऑपरेशन के तहत तलाश जारी

बता दें कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम हुए नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश की जा रही है, जबकि ऑपरेशन तलाश के माध्यम से गुमशुदा महिला, पुरुष और बालिग व्यक्तियों को खोजने का अभियान चलाया जा रहा है। खैरागढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमों ने प्रदेश सहित अन्य राज्यों में जाकर भी लगातार तलाश अभियान चलाया।

पुलिस के प्रयासों की सराहना

अप्रैल माह में पुलिस ने 12 नाबालिग बच्चों को दस्तयाब किया। वहीं 9 पुरुषों और 22 महिलाओं को भी खोजकर सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस के प्रयासों की सराहना की है।


लगातार जारी रहेगा अभियान

खैरागढ़ पुलिस का कहना है कि गुमशुदा लोगों की तलाश का अभियान लगातार जारी रहेगा और हर मामले में गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस पहल से समाज में सुरक्षा और भरोसे का संदेश भी मजबूत हुआ है।





You May Also Like

error: Content is protected !!