ऑपरेशन ‘कालचक्र-0.2’: रायपुर कमिश्नरेट की सख्त कार्रवाई—निगरानी तेज, बदमाशों पर शिकंजा; 196 वारंट तामील, 5 फरार गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन कालचक्र-0.2” के तहत व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के नेतृत्व में गुढ़ियारी, पंडरी, खमतराई, उरला और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान वारंट तामिली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानी और गुंडा बदमाशों की चेकिंग तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 196 वारंट तामील किए गए, जिनमें 45 स्थायी, 59 गिरफ्तारी और 92 जमानती वारंट शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न मामलों में फरार 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

लंबित मामलों में भी कार्रवाई

पुलिस ने 18 लंबित प्रकरणों में चालान पेश किए। साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत 3 और आबकारी एक्ट के तहत 1 मामले में कार्रवाई की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान कॉपर वायर बरामद होने पर 3 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर चोरी का मामला दर्ज किया गया।

थाना-वार कार्रवाई का विवरण

गुढ़ियारी थान : 38 वारंट तामील किए गए। वहीं 3 फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा 5 आरोपियों को चालान पेश करने के लिए गिरफ्तार किया गया। निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सघन चेकिंग करते हुए कई संदिग्ध व्यक्तियों को थाना लाकर पूछताछ की गई।

पंडरी थाना : 11 वारंट तामील कर 4 आरोपियों को चालान हेतु प्रस्तुत किया गया तथा निगरानी बदमाशों एवं गुंडा तत्वों की जांच की गई।

खम्हारडीह थाना : 16 स्थायी/गिरफ्तारी एवं 20 जमानती वारंटों की तामील के साथ 24 गुंडा-बदमाशों की चेकिंग की गई तथा 21 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

उरला थाना : 49 वारंट तामील किए गए तथा 2 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उरला-बेंदरी रोड पर एक मारुति स्विफ्ट वाहन (क्रमांक CG 04 QW 2173) की तलाशी में लगभग 60–70 किलोग्राम कॉपर कॉइल बरामद कर 3 आरोपियों—

राजकुमार कुशवाहा, पिता उमाशंकर कुशवाहा, उम्र 36 वर्ष, निवासी सनडोंगरी, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर

हरिओम शाह, पिता रजिंद्र शाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर

करण साहू, पिता राम सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी हीरापुर, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर को पकड़कर उनके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


इसके साथ ही अवैध रूप से चाकू रखने के आरोप में रामेश्वर यादव, पिता किशन यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी सरोरा बाजार चौक के पास, थाना उरला, रायपुर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

खमतराई थाना : सर्वाधिक 62 वारंट तामील किए गए, जिनमें 16 स्थायी, 20 गिरफ्तारी एवं 26 जमानती वारंट शामिल हैं। विभिन्न प्रकरणों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आबकारी एक्ट के तहत 1 एवं आर्म्स एक्ट के तहत 2 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। 9 आरोपियों को चालान पेश करने के लिए गिरफ्तार किया गया तथा निगरानी एवं गुंडा बदमाशों के विरुद्ध सघन चेकिंग कर 4 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

इस पूरे अभियान के दौरान बड़ी संख्या में निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की चेकिंग की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए।






You May Also Like

error: Content is protected !!