• बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई वारदात.
• ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बनाया बंधक.
सिंगरौली. जिले के जिला मुख्यालय बैढन स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में, शुक्रवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 4 से 5 हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बैंक के भीतर घुसकर, लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बैंक कर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया, और चंद मिनटों में लाखों कैश और गोल्ड समेटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज डकैती की घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया, घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद, सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। भारी पुलिस बल के साथ पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरु करते हुए बैंक के कर्मचारियों और अंदर मौजूद ग्राहकों से घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस ने बैंक का CCTV फुटेज को कब्जे में ले लिया है, और बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर भर में नाकेबंदी कर दी गई है, और आरोपियों की तलाश की जा रही है। बैंक के अंदर मौजूद लोगों ने बताया कि दो हथियारबंद बदमाश बैंक के अंदर घुसे, और बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कुछ ही देर में तीन अन्य बदमाश भी बैंक में पहुंचे, और उन्होंने सभी ग्राहकों और कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर डराया-धमकाया।बदमाशों ने बैंक मैनेजर से नकदी की जानकारी मांगी, और जानकारी न देने पर उनके साथ मारपीट की गई, इस दौरान एक ग्राहक के साथ भी मारपीट की गई और उसे बंदूक का बट मारा गया।
बताया जा रहा है कि बैंक में कोई गार्ड नहीं था, करीब 20 से 30 मिनट तक बदमाशों ने बैंक के अंदर जमकर उत्पात मचाया, और अंत में बैंक में रखी नकदी और बैंक में रखा गोल्ड लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी लगने के बाद, सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री दलबल के साथ खुद मौके पर पहुंचे, और स्थिति का जायजा लिया।
सिंगरौली एसपी ने बताया कि हालांकि बदमाशों ने कितना कैश और गोल्ड ले गए इसकी जानकारी अभी नहीं हो पाई है। बैंक में कल का साढ़े चार लाख कैश था वो बदमाश ले गए और आज का कैश और बैंक में रखा गोल्ड भी ले गए। कुल मशरूका कितना था इसका आंकड़ा बाद में स्पष्ट हो पाएगा। बदमाशों की तलाश में पुलिस की चार टीमें बनाई गई है, शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया गया है। बैंक और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि लुटेरों के भागने के रूट का पता चल सके। फिल्मी स्टाइल में हुई दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हर कोई हैरान है, इस घटना से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्योंकि बदमाशों के हौसलों से ये लगता है कि उनमें पुलिस का खौफ ही नहीं है, इसलिए उन्होंने दिनदहाड़े इस घटना को अंजाम दिया, और फिर बड़ी आसानी से मौके से फरार भी हो गए।



