गरियाबंद। पैसे लेने की मांग के कथित ऑडियो वायरल के बाद कोतवाली में पदस्थ एसआई अजय सिंह को एसपी ने निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले की पूरी जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिवार सड़क पर उतर आया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना में शुरू से ही कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष के साथ न्याय नहीं किया।
पीड़ित परिवार के साथ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने आज जिला मुख्यालय में रैली निकाली और न्याय की गुहारलगाई। हालांकि पुलिस ने मामले में पहले ही एसडीओपी को जांच करने के निर्देश दे दिए हैं।

दरअसल होली के दिन 4 मार्च को कोतवाली थाना क्षेत्र के बारुला गांव में ममता किरण यादव के परिवार के साथ दूसरे गुट की लड़ाई झगड़ा हुआ था। दूसरे गुट ने महिला पर बर्बरता किया पर वे राजनीतिक रूप से सक्षम और जनपद पंचायत के पदाधिकारी होने के नाते कोतवाली पहुंचकर पीड़ित परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस ने मामले में पीड़िता के लिखित शिकायत के बाद भी उसकी नहीं सुनी, बल्कि पीड़िता के पति नंदकुमार के खिलाफ एट्रोसिटी की धारा लगा जेल भेज दिया था। कहा जा रहा है कि वायरल ऑडियो में मामले को रफा दफा करने पीड़िता के पति नंदकुमार और एसआई से हुई बातचीत है।



