'OMG' ब्रेकिंग: छत्तीसगढ़ में 12 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों को पदोन्नति, ASP के पद पर मिली नियुक्ति.

• गृह (पुलिस) विभाग ने जारी किया आदेश, सुरेश साय पैकरा, माधुरी धीरही, स्नेहिल साहू से लेकर मंजूलता बाज तक 12 अधिकारियों के नाम शामिल; पदस्थापना के आदेश अलग से होंगे जारी.


रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त 12 अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), उप सेनानी अथवा समकक्ष रैंक के पद पर नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। अटल नगर, नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से 15 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, विभागीय पदोन्नति/छानबीन समिति की 17 सितंबर 2026 को हुई बैठक में की गई अनुशंसा के परिप्रेक्ष्य में यह निर्णय लिया गया है। इन अधिकारियों की पदस्थापना के आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे।


पदोन्नति पाने वाले 12 अधिकारियों के नाम.


छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश में निम्नलिखित अधिकारियों को शामिल किया गया है.


1. सुरेश साय पैकरा

2. संजय कुमार ध्रुव

3. माधुरी धीरही

4. अखिलेश कौशिक

5. राजेश देवांगन

6. स्नेहिल साहू

7. घनश्याम कामड़े

8. दिनेश्वरी नंद

9. मनीष कुमार कंवर

10. दीपिका मिंज

11. अनूप कुमार लकड़ा

12. मंजूलता बाज


विभागीय समिति की अनुशंसा पर फैसला.


शासन द्वारा जारी आदेश में छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक (राजपत्रित) सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2005 के नियम 14 एवं 23 की अनुसूची-पांच में निहित प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। इन्हीं प्रावधानों के तहत राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक/सहायक सेनानी अथवा समकक्ष रैंक से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/उप सेनानी अथवा समकक्ष रैंक पर पदोन्नत कर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।


पदस्थापना आदेश अलग से होंगे जारी.


गृह (पुलिस) विभाग के उप सचिव राम प्रसाद चौहान के हस्ताक्षर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों की पदस्थापना के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों सहित पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल मुख्यालय, पुलिस महानिरीक्षक तथा अन्य संबंधित कार्यालयों को भेजी गई है।


You May Also Like

error: Content is protected !!