अमीगोज बार के बाहर युवक से मारपीट, तीन युवकों पर FIR दर्ज
शराब के लिए पैसे मांगने का आरोप, विरोध करने पर डंडे और मुक्कों से हमला
बिलासपुर। तारबहार थाना क्षेत्र स्थित अमीगोज बार के बाहर एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता तौसीफ खान ने बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 12:50 बजे उसके मोबाइल पर लगातार फोन आ रहे थे। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित रूप से शराब की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने कहा कि बार बंद हो चुका है और शराब उपलब्ध नहीं होगी, तब फोन पर गाली-गलौज और बार में तोड़फोड़ की धमकी दी गई।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद वह अमीगोज बार पहुंचा, जहां आरोपी नाजिम खान अपने दो साथियों सरयान बुखारी और सलमान खान के साथ मौजूद था। आरोप है कि आरोपियों ने शराब के लिए पैसे मांगे और मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नाजिम खान ने डंडे से हमला किया, जबकि अन्य दो आरोपियों ने हाथ-घूंसों से मारपीट की। घटना में उसके बाएं कंधे, दाहिनी कोहनी और दाहिने पैर में चोटें आईं।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। वहीं पुलिस पेट्रोलिंग वाहन के सायरन की आवाज सुनकर आरोपी अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल होने और अस्पताल में उपचार कराने के कारण शिकायतकर्ता तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका।
तारबहार पुलिस ने शिकायत के आधार पर नाजिम खान, सरयान बुखारी और सलमान खान के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।



