लश्कर की नई चाल: एबटाबाद में फिर सक्रिय हुआ आतंकी नेटवर्क, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) ऑपरेशन सिंदूर के बाद एक बार फिर अपने नेटवर्क को मजबूत करने में जुटा है। खुफिया रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (KPK) प्रांत के एबटाबाद में संगठन का नया आतंकी मरकज तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद बनाया या पुनर्निर्मित किया गया पांचवां बड़ा आतंकी ढांचा है। सूत्रों के अनुसार, इस केंद्र का नाम लश्कर के वरिष्ठ नेता और हाफिज सईद के साले अब्दुल रहमान मक्की के नाम पर रखा जा रहा है। मक्की को भारत और अमेरिका पहले ही वैश्विक आतंकवादी घोषित कर चुके हैं और उसे संगठन का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता रहा है।


ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा विस्तार

खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट में सामने आया है कि सितंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच KPK, कोटली, मीरपुर और रावलाकोट में आतंकी ढांचों के विस्तार की गतिविधियां दर्ज की गईं। अब एबटाबाद में नए मरकज की तैयारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। मई 2025 में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पंजाब प्रांत के मुरिदके स्थित लश्कर के प्रमुख ठिकाने को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद संगठन ने कथित तौर पर अपनी गतिविधियों का फोकस KPK और अफगान सीमा से सटे इलाकों की ओर मोड़ दिया है।

अनाथ बच्चों को निशाना बनाने की आशंका

खुफिया सूत्रों का दावा है कि नए परिसर का इस्तेमाल अनाथ बच्चों और कमजोर सामाजिक पृष्ठभूमि वाले युवाओं की भर्ती और कट्टरपंथीकरण के लिए किया जा सकता है। एजेंसियों का मानना है कि ऐसे युवाओं को आतंकी संगठन आसानी से अपने प्रभाव में ले लेते हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित कई आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। भारतीय सेना के इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकी मारे गए थे। इसके बाद अब एक बार फिर आतंकी संगठनों द्वारा नए ठिकाने विकसित किये जाने की कोशिशों की जा रही है। हालांकि, भारत की सुरक्षा एजेंसियां लगातार LeT की हरकतों पर नजर बनाए हुए हैं।





You May Also Like

error: Content is protected !!