बिलासपुर. शहर में IPTV और OTT सेवा शुरू करने के नाम पर एक कंपनी से 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. CCN एंटरटेनमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कैटविजन लिमिटेड के अधिकारियों और प्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शिकायत में अंकुर रस्तोगी, दिलीप दास, राजेश बैर समेत अन्य अधिकारियों पर कंपनी को IPTV-OTT सेवा शुरू करने का भरोसा देकर रकम लेने का आरोप लगाया गया है.
शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर 2021 को IPTV-OTT सेवा शुरू करने के लिए परचेज ऑर्डर जारी किया गया था. इसके बाद पहली किस्त के रूप में कंपनी ने 10 लाख रुपये का भुगतान किया. आरोप है कि सेवा शुरू नहीं होने पर कैटविजन के अधिकारियों ने तकनीकी उपकरणों की आवश्यकता बताते हुए दोबारा 10 लाख रुपये की मांग की. इसके बाद 16 मार्च 2022 को चेक के जरिए 10 लाख रुपये का भुगतान किया गया.

इसके बाद तीसरी किस्त के रूप में 15 अक्टूबर 2022 को 2 लाख रुपये और दिए गए. इस तरह कंपनी ने कुल 22 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन रकम लेने के बावजूद IPTV-OTT सेवा शुरू नहीं की गई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब चार साल बीत जाने के बाद भी सेवा शुरू नहीं हुई और लगातार फोन व ईमेल के जरिए संपर्क करने के बावजूद कंपनी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 318(4), 316(5), 61(2) समेत अन्य धाराओं के तहत
अपराध
दर्ज कर लिया है. पुलिस अब भुगतान से जुड़े दस्तावेज, परचेज ऑर्डर, चेक और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है. साथ ही नामजद अधिकारियों और कंपनी के अन्य प्रतिनिधियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
अकलतरा . नगर के अम्बेडकर चौक सिसोदिया काम्प्लेक्स में स्थित कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शन में बुध-गुरूवार की दरमियानी रात लगभग 2:30 बजे आग लग गई. दुकान से निकलती आग की लपटों और धुंओं को गश्त पर निकली पुलिस ने देखा. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए लोगों को सूचित किया और प्रथम तल पर निवासरत परिवारों को बिना देर किए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों पर आग की तेज लपटें होने के कारण अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल था.
पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और उसके माध्यम से प्रथम तल पर निवासरत 5 परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला. इनमें 4 बच्चे, 4 महिलाएं एवं 2 पुरुष सहित कुल 14 लोग शामिल थे. आग को नियंत्रित करने के लिए होमगार्ड जांजगीर एवं जेएसडब्ल्यू प्लांट से फायर ब्रिगेड तत्काल बुलाया गया. करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया. ये अच्छी बात रही की आग पर काबू मिल गया और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी और कपड़ों के कारण फैल गया. त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास की दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचाया गया. अकलतरा पुलिस की सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक बड़ी घटना टल गई. रेस्क्यू किए गए परिवारों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्पर कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया.
तालाब में डूबने से 2 मासूमों की मौत
बिलासपुर. पचपेड़ी क्षेत्र के चिल्हाटी गांव में तालाब में पिता के साथ गए दो मासूम डूब गए. इस दौरान उनका पिता मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था. दोनों बेटों के तालाब में डूब जाने की उसे भनक नहीं लग सकी. किसी ने बच्चों को डूबते देखा तो इसकी जानकारी हुई. गांव के लोगों ने पानी में गोता लगाकर दोनों मासूम को निकाला. उन्हें तत्काल पचपेड़ी स्थित अस्पताल लेकर जहां से मस्तूरी रेफर किया गया. मस्तूरी में डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
दरअसल, ग्राम चिल्हाटी में रहने वाले भक्त प्रहलाद पैकरा किसान हैं. गुरुवार की शाम वे अपने दो बेटे 7 वर्षीय दीपू पैकर और 4 वर्षीय चींटू पैकरा को लेकर तालाब गए थे. तालाब के पास भक्त प्रहलाद अपने बेटों को छोड़कर मोबाइल पर बात करते हुए आगे निकल गए. इधर उनके बच्चे तालाब के पास ही थे.
बताया जाता है कि चींटू तालाब के पार में फिसलकर पानी में चला गया. उसे पानी में गिरते देख दीपू ने भी पानी में छलांग लगा दी. पानी गहरा होने के कारण दोनों डूबने लगे. इधर मोबाइल पर बात करते हुए पिता को इसकी भनक नहीं लग सकी. किसी ने दोनों बच्चों को पानी में डूबते देखकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. जब तक लोग पानी के पास पहुंचे तब तक दोनों बच्चे पानी में डूब गए थे. गांव के लोगों ने पानी में गोता लगाकर बच्चों को बाहर निकाला तब तक दोनों की हालत गंभीर हो गई थी. परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका.
गांजा तस्करी करते दंपति गिरफ्तार
बिलासपुर. रेलवे स्टेशन से आरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पति-पत्नी को 21 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ट्रॉली बैग में छिपाकर गांजे की तस्करी कर रहे थे. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10.5 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते मारपीट कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी संतोष पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद कोलकाता समेत दूसरे राज्यों में छिपकर फरारी काट रहा था. 29 मई को रंजिश के चलते ईश्वर गोड के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. मामले में सह आरोपी मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. फरार संतोष पासवान के घर लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया. मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है.
जंगल में ग्रामीणों पर हमला, एक की मौत
बिलासपुर. बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र में मवेशियों को जंगल छोड़ने गए ग्रामीणों पर 6 से 8 लोगों ने घात लगाकर हमला कर दिया. आरोपियों ने लाठी-डंडों से ग्रामीणों पर जानलेवा हमला किया, जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना मस्तूरी के रलिया गांव के पास की बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मवेशियों को जंगल छोड़ने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. हमले में घायल और मृतक जीवन मेहर को अस्पताल ले जाया गया, जहां जीवन मेहर का सिम्स में पोस्टमार्टम कराया गया. मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
अड्डेबाजी और नशाखोरी पर पुलिस का शिकंजा
बिलासपुर. शहर में अशांति फैलाने, अड्डेबाजी और नशाखोरी पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. सिरगिट्टी पुलिस ने ऐसे मामलों में चिन्हांकित 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. इसके साथ ही अड्डेबाजी के लिए चिन्हांकित स्थानों पर पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
