सरगुजा। अंबिकापुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां दिनदहाड़े इंजीनियर से लूटपाट कर आरोपी फरार हो गए। इस वारदात को अंबिकापुर के प्रतापपुर नाका स्थित कुशवाहा चौक पर अंजाम दिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक केदारपुर कुशवाहा चौक निवासी भगवान कुशवाहा, लोकेश्वर कुशवाहा, आनंद कुशवाहा, सूर्या कुशवाहा ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इंजीनियर से लैपटॉप, कैमरा, स्टैंड लूटकर आरोपी फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानिए क्या है पूरा मामला
डेयरी फार्म रोड निवासी अमर कुशवाहा (29) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उसके मामा रामनाथ कुशवाहा के नाम पर केदारपुर स्थित कुशवाहा चौक के पास प्लॉट है, जहां मकान निर्माण की तैयारी चल रही थी। प्रार्थी के मुताबिक, 14 जून 2026 को वह इंजीनियर लक्ष्मी नारायण के साथ प्लॉट का लेआउट कराने पहुंचा था। दोपहर करीब 1:10 बजे लेआउट का काम पूरा कर दोनों बाहर निकल रहे थे, तभी सूर्या कुशवाहा, भगवान कुशवाहा और लोकेश्वर कुशवाहा वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने घर बनाने का विरोध करते हुए अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान सूर्या कुशवाहा ने कार में रखा लैपटॉप छीन लिया, जबकि लोकेश्वर कुशवाहा इंजीनियर की लेवल मशीन लेकर फरार हो गया। शोर मचाने पर तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



