अपने ही जाल में फंसे शिकारी,हाईवोल्टेज करंट के जाल में आने से तीन की मौत,हिरण का भी शव बरामद.

रायगढ़. पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के जंगलों में शिकार के लिए गए तीन शिकारियों की अपने ही बिछाए हाईवोल्टेज करंट के जाल की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गुरुवार के तड़के की है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की तड़के करंट की चपेट में आने से तीन शिकारियों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौक पर पुलिस और वन अमला की टीम पहुंची है। पुलिस ने मृतकों का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना रायगढ़ जिला के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि तीनों शिकारियों के द्वारा तड़के शिकार करने के उदेश्य से करंट तार लगाया जा रहा था। इस दौरान कुछ गड़बडी होने से तीनों शिकारी अपने द्वारा बिछाए 11000 के हाईवोल्टेज करंट के तार की चपेट में आ गए और फिर तीनों की मौत हो गई।

मृतकों के नाम.

मृतकों में पूंजीपथरा निवासी बीरबल मंगल सिंह धनवार और अनिल कुजूर निवासी लैलूंगा सोनाजोरी,बोधन तिर्की निवासी बैगा बहार कोतबा शामिल थे। सभी की शिनाख्त के बाद घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है।

हिरण का किया शिकार.

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तीनों शिकारियों ने करंट का जाल हिरण (कोटरी) के शिकार के लिए बिछाया था। घटनास्थल पर एक हिरण का शव मिला है जिसे वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है।

देर रात की प्लानिंग.

पूंजीपथरा पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक पूंजीपथरा के आसपास ही फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। बुधवार की देर शाम को तीनों ने जंगल में हिरण के शिकार की प्लानिंग बनाई। जिसके बाद जीआई तार लेकर पूंजीपथरा और तराईमाल के बीच जंगल में पहुंचे। यहां जीआई तार में करंट की सप्लाई दी और उसे शिकार के लिए बिछा दिया इसी दौरान हिरण करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ऐसी आशंका जता रही है कि हिरण को निकालने के दौरान ही तीनों शिकारी भी करंट की चपेट में आ गए होंगे। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार सुबह पूंजीपथरा पुलिस को वन विभाग से घटना की खबर लगी।

You May Also Like