धमतरी। जिले में आत्महत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आज पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के बीच एक और व्यक्ति ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड का है, जहां रहने वाले मिलन साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, मिलन साहू शराब पीने का आदी था। उसकी इस आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर अपने मायके चली गई थी। पत्नी के चले जाने के बाद से मिलन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। बताया जा रहा है कि समय के साथ उसकी शराब पीने की आदत और बढ़ गई।

अकेलेपन और पारिवारिक तनाव से जूझ रहे मिलन ने आखिरकार अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धमतरी में बढ़ते आत्महत्या के मामलों ने बढ़ाई चिंता
गौरतलब है कि धमतरी जिले में आत्महत्या की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं। इससे पहले सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 के शुरुआती छह महीनों में जिले में 174 लोगों ने आत्महत्या की थी। इन मामलों में पारिवारिक कलह, प्रेम संबंध, आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव जैसे कारण सामने आए हैं।
इन घटनाओं में नशे की भूमिका भी एक बड़ी वजह के तौर पर सामने आई है। अत्यधिक नशा व्यक्ति की सोचने और निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करता है, जिससे वह तनाव या गुस्से की स्थिति में गलत कदम उठा सकता है। विशेषज्ञों की अपील है कि अगर कोई व्यक्ति लंबे समय से तनाव, अकेलेपन या किसी परेशानी से गुजर रहा है तो उसे नजरअंदाज न करें। परिवार और समाज को ऐसे लोगों के साथ बातचीत कर समय रहते मदद के लिए आगे आना चाहिए।



