धमतरी को मिली नई पुलिस कप्तान: आईपीएस भावना पांडेय ने संभाली एसपी की कमान, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा रहेंगी प्राथमिकता

धमतरी। IPS भावना पांडेय ने आज पुलिस अधीक्षक धमतरी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार (भा.पु.से.) ने विभागीय प्रक्रिया के अनुरूप उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील प्रकरणों, चल रहे विशेष अभियानों, सामुदायिक पुलिसिंग तथा विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा जनोन्मुखी बेसिक पुलिसिंग एवं संवेदनशील पुलिसिंग को नई गति प्रदान करने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक सशक्त बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा एवं आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाएं।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों से रूबरू होकर परिचय प्राप्त किया तथा शाखाओं की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं दैनंदिन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं त्वरित कार्यवाही के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाते हुए नागरिकों के साथ सतत संवाद एवं विश्वास कायम रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी, उत्तरदायित्व एवं समर्पण ही धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति है और इसी भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि धमतरी पुलिस का प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता एवं समर्पण के बल पर आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा तथा जिले में उत्कृष्ट, पारदर्शी एवं जनविश्वास आधारित पुलिसिंग की दिशा में नई ऊँचाइयाँ स्थापित करेगा। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





You May Also Like

error: Content is protected !!