रायपुर. छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ
ने 17 सूत्रीय मांगों के पूरी नही होने पर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 17 जुलाई को प्रदेश शासन को 17 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा था। इन मांगों में राजस्व अधिकारियों को प्रशासनिक, तकनीकी एवं सुरक्षा संसाधनों की सुनिश्चित उपलब्धता, न्यायिक प्रक्रिया में संरक्षण, कार्य संतुलन एवं सेवा शर्तों में सुधार जैसे बिंदु शामिल हैं।
संघ ने कहा कि शासन को पर्याप्त समय एवं अवसर देने के साथ-साथ चरणबद्ध आंदोलन भी किया गया।
🔹 28 जुलाई को जिला स्तर पर,
🔹 29 जुलाई को संभाग स्तर पर,
🔹 30 जुलाई को राज्य स्तर पर
सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।
संघ ने मिडिया से आगे कहा कि खेद का विषय है कि शासन स्तर पर अब तक किसी भी प्रकार की वार्ता अथवा सकारात्मक पहल नहीं की गई है। परिणामस्वरूप, संघ की समस्त जिला कार्यकारिणियों के सामूहिक निर्णय लिया है कि 31 जुलाई गुरुवार से प्रदेश के समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे तथा यह हड़ताल प्रत्येक संभाग मुख्यालय में प्रदर्शन के रूप में आयोजित की जाएगी।
यह हड़ताल केवल अधिकारों की पुनःस्थापना और प्रशासनिक गरिमा की रक्षा हेतु है। संघ शासन से पुनः अपेक्षा करता है कि वह जल्द से जल्द संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।



