बस्तर में 280 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिला बड़ा सहारा

जगदलपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बस्तर जिले में सामाजिक समरसता और आर्थिक सहयोग का बड़ा उदाहरण देखने को मिला। जगदलपुर शहर के सिटी ग्राउंड में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिलेभर से आए कुल 280 जोड़ों का विधिवत विवाह कराया गया। इस आयोजन में खासतौर पर बस्तर के ग्रामीण अंचलों के जोड़े शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रमिक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के नवदंपती शामिल रहे।


शासन की योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया। वहीं 15 हजार रुपये के घरेलू उपयोगी सामान भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों पर विवाह का आर्थिक बोझ कम करना है।



महापौर पांडे ने कहा कि इस योजना में उन जोड़ों को प्राथमिकता दी जाती है, जो श्रमिक वर्ग से आते हैं और जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन न केवल सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।






You May Also Like

error: Content is protected !!