लॉस वेगास के एलीगेंट स्टेडियम में आयोजित रेसलमेनिया 42 एक ऐतिहासिक और भावुक पल का गवाह बना। रविवार की रात द बीस्ट ब्रॉक लेसनर ने उभरते हुए सितारे ओबा फेमी से मिली करारी हार के बाद पेशेवर रेसलिंग की दुनिया को अलविदा कह दिया है। वेगास की चकाचौंध के बीच ब्रॉक लेसनर और ओबा फेमी का मुकाबला किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं था। हालांकि, 48 साल के लेसनर पर फेमी की ताकत भारी पड़ी।
ओबा फेमी ने अपने फिनिशिंग मूव फॉल फ्रॉम ग्रेस का इस्तेमाल कर लेसनर को चित कर दिया और एक ऐसी जीत दर्ज की जिसने उन्हें WWE के नए भविष्य के रूप में स्थापित कर दिया। लेसनर की यह हार सिर्फ एक मैच का अंत नहीं, बल्कि उनके दो दशक से भी लंबे सुनहरे करियर का अंत लग रहा थी।
भावुक विदाई और पॉल हेमैन के साथ आखिरी पल
मैच खत्म होने के बाद पूरा स्टेडियम थैंक यू ब्रॉक के नारों से गूंज उठा। लेसनर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने रेसलिंग की पुरानी परंपरा का पालन करते हुए अपने ग्लव्स और जूते रिंग के बीचों-बीच उतार दिए, जो इस बात का स्पष्ट संकेत था कि अब वे दोबारा रिंग में नहीं उतरेंगे। इसके बाद उन्होंने अपने लंबे समय के मैनेजर और दोस्त पॉल हेमैन को गले लगाया। रिंग से बाहर निकलने से पहले लेसनर ने घुटनों के बल बैठकर रिंग के कैनवास को चूमा, जिसे देखकर वहां मौजूद हजारों फैंस की आंखें नम हो गईं
।



