• सिविल ड्रेस में कार्रवाई करना पड़ा भारी, दो आरक्षक तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच.
बिलासपुर. पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने सोमवार को प्रशासनिक कसावट और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थानों, चौकियों एवं रिजर्व केंद्र में पदस्थ 18 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पदस्थ उप निरीक्षकों, सहायक उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी सूची में चौकी बेलगहना, थाना सकरी, रतनपुर, सरकंडा, सिविल लाइन, तोरवा, पचपेड़ी एवं रिजर्व केंद्र सहित कई इकाइयों के कर्मचारियों के नाम शामिल हैं।
आदेश के तहत उप निरीक्षक हेमंत सिंह को चौकी बेलगहना से थाना सिविल लाइन भेजा गया है, जबकि उप निरीक्षक व्यास नारायण बनाफर को थाना सरकंडा से चौकी प्रभारी बेलगहना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप निरीक्षक अमृत साह को रतनपुर से सकरी और उप निरीक्षक गुलाल सोनवानी को रिजर्व केंद्र से चकरभाठा थाना भेजा गया है, जहां वे बीट्स टीम प्रभारी का अतिरिक्त कार्य भी देखेंगे.
इसी प्रकार कई प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों को भी नई पदस्थापना दी गई है। थाना रतनपुर, सकरी, सरकंडा, तोरवा, पचपेड़ी और रिजर्व केंद्र से कर्मचारियों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। कुछ कर्मचारियों को यातायात शाखा तथा पुलिस लाइन मोपका में भी पदस्थ किया गया है।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता एवं कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर पुलिस विभाग में अनुशासन और निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन को लेकर एक बार फिर सख्ती देखने को मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा जारी आदेश में थाना सिरगिट्टी में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र बिलासपुर संबद्ध कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 2 जून 2026 को आरक्षक सुशील कुमार बंजारे और आरक्षक प्रकाश तिवारी द्वारा थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए सिविल कपड़ों में ग्राम सिलपहरी पहुंचकर एक संदिग्ध वाहन को रोकने की कार्रवाई की गई। इस संबंध में थाना प्रभारी को सूचना प्राप्त होने के बाद मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सिविल ड्रेस में इस प्रकार की कार्रवाई नहीं करेगा। इसके बावजूद निर्देशों की अवहेलना किए जाने को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों को संदेहास्पद कृत्य मानते हुए आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र बिलासपुर संबद्ध कर दिया गया है।
लाइन अटैच किए गए कर्मचारियों में आरक्षक क्रमांक 533 सुशील कुमार बंजारे तथा आरक्षक क्रमांक 1171 प्रकाश तिवारी शामिल हैं। पुलिस विभाग के इस कदम को अनुशासनात्मक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह संदेश गया है कि विभागीय निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।



