कांग्रेस कमेटी के नई टीम की पहली बैठक,चुनाव को लेकर बनाई रणनीति..

बिलासपुर.जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक कांग्रेस भवन में शनिवार को जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने आहूत की जिसमें प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व सांसद करूणा शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रही। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के नए भवन राजीव भवन को लेकर बधाई का प्रस्ताव पारित किया गया वहीं आगामी चुनावों को लेकर विशेष रणनीति बनायी गयी। पूर्व सांसद मिनी माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि भी दी।

बूथ से लेकर सेक्टर और जोन तक जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के समन्वय से कार्य करेगें। जनसंपर्क से लेकर जनसमस्याओं तक जनता से संवाद कर जनता के साथ मिलकर जागरूकता लानी है। मोबाईल से लेकर राफेल विमान तक के कमीशनखोरी के भाजपा सरकार के खेल को जनता के बीच उजागर करना है। कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होते ही इस स्वच्छ प्रतिस्पर्धा को बंद कर उस प्रत्याशी को नहीं बल्कि कांग्रेस की विचारधारा को जिताना है। उक्त बाते कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने व्यक्त करते हुए नए पदाधिकारियों की खूब हौसला आफजाई की। सभी वर्गाें के साथ भाजपा शासन में हो रहे शोषण व छल को शर्मनाक बताते हुए विगत पंद्रह वर्षों में सत्तर हजार बेटियों के गायब होने का हिसाब जनता के साथ मिलकर रमन सरकार से मांगने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने नई कार्यकारिणी से जिले की सातों विधानसभा जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि हम सबको सिद्ध करना होगा कि हम भाजपा के झूठे अलोकतांत्रिक चेहरे को उजागर करने में सक्षम लोग हैं। रसोई गैस,पेट्रोलियम पदार्थों से लेकर सभी दिनचर्या की आवश्यक चीजों की बढ़ती कीमतें, बढ़ती बेरोजगारी, अराजकता, निरंकुशता और किसान से लेकर कर्मचारी तक के शोषण व वायदा खिलाफी के खिलाफ जन जन तक जाने की अपील की।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव, वैजनाथ चंद्राकर, प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय, अर्जुन तिवारी, पूर्व विधायक अरूण तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश वाजपेयी, उत्तम वासुदेव, विष्णु यादव ने कांग्रेस की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाकर नफरत की राजनीति करने वालों को मुंह तोड़ जबाब देने की नसीहत कांग्रेसियों को दी। जिला कांग्रेस की प्रथम कार्यकारिणी की बैठक का संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री व प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने किया।

You May Also Like