शहर विधायक यादव की याद में कांग्रेस के शहर विधायक हुए बौने..

बिलासपुर. शहर से लगभग दो दशक तक विधायक और मंत्री रहने वाले बीआर यादव की याद में कांग्रेस संगठन उनकी प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम अविभाजित मध्यप्रदेश के दोनों शासकों को बुलाकर रविवार को कराने जा रहा है लेकिन इसमें अपने ही शहर विधायक शैलेश पाण्डेय को सबसे आखिर में स्थान दिया है।

इतना ही नहीं जिले मेंं दो ही कांग्रेस विधायक हैं और दोनों को मेयर से नीचे स्थान मिला है। प्रतिमा अनावरण आयोजन समिति के नाम पर सिर्फ दो नम्बर दिए गए हैं जिनमें से एक कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव का और दूसरा कृष्ण कुमार यादव का है। निवेदक कांग्रेस का संगठन लिखा गया है। लेकिन यह निगम का कार्यक्रम होता तो इसमें निगम आयुक्त निवेदक होते।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कल आएंगे दो सीएम..

बिलासपुर से शहर विधायक और अविभाजित मध्यप्रदेश में तमाम मंत्रालयों को सुशाभित करने वाले स्व. बिसाहू राम यादव यानी बीआर यादव की शहर से जुड़ी यादें ताजा कराने के लिए कांग्रेस के नेताओं ने रविवार (30 जून ) को बृहस्पति बाजार के पास उनकी प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम रखा है। दोपहर दो बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मुख्य अतिथि बनाया गया है। समारोह की अध्यक्षता मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ करेंगे।विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधानसभा अध्यक्ष डा. चरण दास महंत, छत्तीसगढ़ के वरिष्ट मंत्री रविन्द्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, शिव डहरिया, को आमंत्रित किया गया है। विशेष अतिथियों की इसी लाइन को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस संगठन ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में लोकल पॉलिटिक्स को हावी कर दिया। विशेष अतिथि महापौर किशोर राय को सम्मान बख्शते हुए आगे रखा और इसके बाद कांग्रेस के तखतपुर की विधायक श्रीमती रश्मि सिंह और सबसे आखिर में शहर विधायक शैलेष पाण्डेय को कांग्रेस के संगठन ने सम्मान बख्शा है।

शहर विधायक स्व. यादव की याद में हो रहे कार्यक्रम में नगर विधायक को सबसे निचले स्थान पर रखने से आयोजन समिति ही शुरूवात से विवाद में आ गई है। प्रतिमा अनावरण आयोजन समिति के नाम पर किसी का नाम आमंत्रण पत्र में नहीं है लेकिन दो नम्बर दिए गए हैं। इनमें से एक कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव का है और दूसरा स्व. यादव के सुपुत्र, प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव का है। निवेदक के रूप में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव और कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव(राजू) का नाम हैं। आयोजक कांग्रेस संगठन और मेयर में भी इस संयुक्त आयोजन को लेकर भी मतभेद उभरना बताया जा रहा है।

यादों में बीआर यादव..

पूर्व मंत्री स्व. यादव का जन्म 30 जून 1930 को हुआ था। शिक्षक, पत्रकारिता के बाद पार्षद से राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने की थी। स्व. यादव पहली बार 1977 में बिलासपुर विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वे चार बार विधायक रहे। 1977 में पहली बार सहकारिता मंत्री बने। 1980 से 1998 तक अर्जुन सिह, मोतीलाल वोरा व दिग्विजयसिंह की सरकार में कृषि राज्य, वन, पर्यावरण, खनिज, लोक निर्माण मंत्री भी रहे।

You May Also Like